Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप तेज, दक्षिण में बारिश का अलर्ट, जानें देशभर का मौसम अपडेट

December 5, 2025

उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप तेज, दक्षिण में बारिश का अलर्ट, जानें देशभर का मौसम अपडेट

Today’s Weather 5 Dec 2025 : उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा और राजस्थान तक कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पारा 5 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे पहुंच चुका है, जिससे कड़ाके की सर्दी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। आइए जानते हैं आज का विस्तृत मौसम अपडेट

दिल्ली में कोहरा और शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन
दिल्ली-एनसीआर में सुबह और रात के समय ठंड चरम पर है। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी में भारी कमी देखी जा रही है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आज सुबह राजधानी में कोहरे के साथ दिन की शुरुआत होगी और दिनभर ठंडी उत्तरी हवाएं चलीं तो ठिठुरन और बढ़ेगी। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है, जो सामान्य से काफी कम है।

ये भी पढ़ें- सोने-चांदी की कीमत में आई गिरावट, जानें कीमत

यूपी और बिहार: शीतलहर के बढ़ते संकेत
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह-सुबह घना कोहरा छाया हुआ है। इससे तापमान में गिरावट के साथ शीतलहर जैसे हालात बनने लगे हैं। अगले सप्ताह प्रदेश में शीतलहर पूरी तरह असर दिखा सकती है। बिहार में भी मौसम तेजी से बदला है। पश्चिमी व पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी से लेकर सुपौल, अररिया और किशनगंज तक कई जिलों में आज घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।

राजस्थान और हरियाणा: तापमान में तेजी से गिरावट
राजस्थान और हरियाणा में भी सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी में रात का पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का न्यूनतम तापमान है। हरियाणा के कई इलाकों में भी उत्तरी हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 10 दिनों तक कोहरा और ठंड इसी तरह बने रहने की संभावना है।

दक्षिण भारत: तमिलनाडु-पुडुचेरी में बारिश, समुद्र में उथल-पुथल की चेतावनी
जहां उत्तर भारत ठंड से बेहाल है, वहीं दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कई इलाकों में आज गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने का अनुमान है। लक्षद्वीप, दक्षिण-पूर्व अरब सागर और केरल तट के पास समुद्री इलाकों में ऊंची लहरें उठने और समुद्र के उग्र होने की चेतावनी दी गई है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें