Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजधानी चंडीगढ़ में मौसम का यू-टर्न, बारिश व ओले गिरने से मौसम हुआ सुहावना

April 28, 2024

राजधानी चंडीगढ़ में मौसम का यू-टर्न, बारिश व ओले गिरने से मौसम हुआ सुहावना

चंडीगढ़। शहर का मौसम शनिवार को बिलकुल बदल गया। इस दौरान बारिश के साथ कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। इस दौरान चली ठंडी हवाओं से मौसम ठंडा हो गया। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली । वहीं, इस बदलते मौसम का आनंद उठाने लोग सुखना लेक और पार्कों में घूमते नजर आए। शनिवार को सुबह ही मौसम बदल गया था। बादल और सूरज के बीच लुका छिपी का खेल शुरू हो गया था। वहीं, मौसम विभाग ने रविवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है। विभाग के मुताबिक शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया।

वहीं बीते 24 घंटों में शहर में 9.7 एमएम बारिश हो चुकी है। चंड़ीगढ़ में शुक्रवार को सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री को पार कर गया था। शुक्रवार की गर्मी ने वर्ष 2023 का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। मौसम विभाग ने शनिवार को मौसम बदलने की भविष्यवाणी की थी। चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा। पिछले साल अप्रैल माह में अधिकतम तापमान 18 अप्रैल को 40 डिग्री दर्ज किया गया था लेकिन इस बार 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले वर्ष 2022 में तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

तेज हवा और बारिश की संभावना विभाग के मुताबिक शहर में 29 और 30 अप्रैल को छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 और 29 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा (गति 40-50 किमी प्रति घंटे) चलने तथा 28 अप्रैल को पंजाब में गरज-चमक के साथ तेज हवा (गति 30-40 किमी प्रति घंटे) की संभावना है। पंजाब और हरियाणा में 29 अप्रैल को कुछ स्थानों ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होने की संभावना है।

  • जानें आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल
  • विभाग के मुताबिक रविवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना है। ऐसे में अधिकतम तापमान ऐसे में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 दर्ज किया जा सकता है।
  • सोमवार को बारिश की संभावना है। ऐसे में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
  • मंगलवार को मौसम साफ रहेगा। ऐसे में अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 दर्ज किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें