Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

India में टेस्ट खेलना शुरू से रहा है मेरा सपना : Ashton Agar

January 2, 2023

India में टेस्ट खेलना शुरू से रहा है मेरा सपना : Ashton Agar

मेलबर्नः ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर एश्टन एगर का भारत में टेस्ट क्रिकेट खेलना शुरू से ही सपना रहा है और वह फरवरी में होने वाली चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला में उपमहाद्वीप की स्पिनरों के अनुकूल विकेटों पर गेंदबाजी करने की संभावना से ही रोमांचित हैं। ऑस्ट्रेलिया को फरवरी-मार्च में भारत का दौरा करना है जहां वह चार टेस्ट और तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगा। कैमरन ग्रीन के चोटिल होने के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में चुने गए एगर ने कहा कि भारत में खेलना उनका शुरू से सपना रहा है।

सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के अनुसार एगर ने कहा, कि ‘यह मेरे दिमाग में था। मुझे वहां खेले जा रहे टेस्ट मैचों को देखने में आनंद आता था और मैं शुरू से ही भारत में टेस्ट क्रिकेट खेलने का सपना देखता रहा हूं।’’ उन्होंने कहा, कि ‘भारत में टेस्ट मैचों को टीवी पर देखना रोमांचक होता है, क्योंकि विकेट अलग तरह के होते हैं। उनसे स्पिनरों को मदद मिलती है। मैं निश्चित तौर पर इस दौरे पर जाना चाहूंगा लेकिन देखते हैं कि आगे क्या होता है।’’ बाएं हाथ के स्पिनर एगर ने अब तक 4 टेस्ट मैचों में 9 विकेट लिए हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच 2017 में खेला था। उन्होंने अब तक 63 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं जिसमें उनका गेंदबाजी औसत 41.84 है। उन्होंने 2271 रन भी बनाए हैं जिसने तीन शतक शामिल हैं।

इस 29 वर्षीय खिलाड़ी ने 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने पदार्पण टेस्ट मैच में ही 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 98 रन की शानदार पारी खेली थी। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें मौका मिलता है तो वह सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करना पसंद करेंगे। एगर ने कहा, कि ‘यदि मुझे मौका मिलता है तो मैं सातवें नंबर के आसपास बल्लेबाजी करूंगा। यह वास्तव में अच्छी जिम्मेदारी होगी। मैं पश्चिम आस्ट्रेलिया के लिए सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करता रहा हूं।’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें