Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन में बच्चों को शिकार बना रही रहस्यमय बीमारी, भारत सरकार अलर्ट, कहा-किसी भी हालात से निपटने को तैयार

November 24, 2023

चीन में बच्चों को शिकार बना रही रहस्यमय बीमारी, भारत सरकार अलर्ट, कहा-किसी भी हालात से निपटने को तैयार

नेशनल डेस्क: चीन में बच्चों मों फैल रहे निमोनिया को लेकर भारत सरकार भी एक्शन मोड में आ गई है। भारत सरकार ने कहा कि वह किसी भी तरह की स्थिति से निपटने को तैयार है। केंद्र सरकार ने कहा है कि चीन में बच्चों में (एवियन इन्फ्लूएंजा) (avian influenza) H9N2 गंभीर निमोनिया के प्रकोप और सांस संबंधी बीमारी की स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है और भारत किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

 

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि चीन में सामने आये एवियन इन्फ्लूएंजा के मामले और श्वसन संबंधी बीमारी दोनों से भारत को जोखिम कम है और भारत मौजूदा स्थिति से उत्पन्न होने वाले किसी भी प्रकार के आपात हालात के लिए तैयार है। कुछ मीडिया रिपोर्टों ने उत्तरी चीन में बच्चों में सांस की बीमारी के मामलों के बढ़ने का संकेत दिया है। पिछले कुछ दिनों में चीन में श्वसन संबंधी बीमारियों में वृद्धि दर्ज की गई है। फिलहाल, बच्चों में श्वसन संबंधी बीमारी के सामान्य कारणों की जांच की गई है और किसी असामान्य रोगजनक या किसी अप्रत्याशित निदान की कोई पहचान नहीं की गई है।

 

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक H9N2 के मानव मामलों में मृत्यु दर कम है। मानव, पशुपालन और वन्य जीवन क्षेत्रों के बीच निगरानी को मजबूत करने और समन्वय में सुधार की आवश्यकता है। मंत्रालय ने कहा है कि भारत किसी भी प्रकार की सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति के लिए तैयार है। भारत ऐसे सार्वजनिक स्वास्थ्य मुद्दों के समाधान के लिए एक समग्र और एकीकृत योजना अपनाने के लिए ‘‘वन हेल्थ’’ पर काम कर रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें