Last Updated: October 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

पेरिस ओलंपिक में अभियान प्रमुख पद से हटीं मैरी कॉम, कहा- शर्मिंदा हूं, मेरे पास कोई और विकल्प नहीं है

April 12, 2024

पेरिस ओलंपिक में अभियान प्रमुख पद से हटीं मैरी कॉम, कहा- शर्मिंदा हूं, मेरे पास कोई और विकल्प नहीं है

नई दिल्ली। छह बार की विश्व चैम्पियन मुक्केबाज एम सी मैरी कॉम शुक्रवार को आगामी पेरिस ओलंपिक के लिये भारत के अभियान प्रमुख के पद से हट गई है। उन्होंने कहा कि निजी कारणों से उनके पास अब कोई विकल्प नहीं है। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि मैरी कॉम ने उन्हें पत्र लिखकर इस जिम्मेदारी से फारिग करने के लिये कहा है। मैरी कॉम ने उषा को लिखे पत्र में कहा ,‘‘ देश की किसी भी रूप में सेवा करना फा की बात है और मैं इसके लिये मानसिक रूप से तैयार थी। लेकिन मुझे खेद है कि मैं यह जिम्मेदारी नहीं उठा सकूंगी। मैं निजी कारणों से पीछे हट रही हूं।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ इस तरह से पीछे हटने से शर्मिंदा हूं क्योंकि मैं ऐसा करती नहीं हूं लेकिन मेरे पास कोई विकल्प नहीं है।

मैं ओलंपिक खेलों में भाग ले रहे अपने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई के लिये हमेशा रहूंगी।’’ आईओए ने 21 मार्च को उनकी नियुक्ति का ऐलान किया था। लंदन ओलंपिक 2012 की कांस्य पदक विजेत मैरी कॉम 26 जुलाई से 11 अगस्त तक होने वाले ओलंपिक खेलों में भारतीय दल की अभियान प्रमुख होती। उषा ने एक बयान में कहा ,‘‘ हमें दुख है कि ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज और आईओए एथलीट आयोग की प्रमुख मैरी कॉम निजी कारणों से पद से हट गई हैं। हम उनके फैसले और निजता का सम्मान करते हैं। उनके विकल्प के बारे में घोषणा जल्दी ही की जायेगी।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ मैं उनके अनुरोध को समझती हूं और उनके फैसले का सम्मान करती हूं। मैने उनसे कहा है कि आईओए और मेरा सहयोग हमेशा उनके साथ है । मैं सभी से उनकी निजता का सम्मान करने का अनुरोध करती हूं।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें