Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

कुरुक्षेत्र में प्रचार थमते ही हिंसा, कांग्रेस कार्यकर्ता के दोनों पैर तोड़े

October 5, 2024

कुरुक्षेत्र में प्रचार थमते ही हिंसा, कांग्रेस कार्यकर्ता के दोनों पैर तोड़े

कुरुक्षेत्र: अमीन रोड पर वीरवार देर रात एक कांग्रेस कार्यकर्ता पर हमला कर दिया गया। इस हमले को चुनावी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने इस मामले में भाजपा उम्मीदवार और मौजूदा राज्य मंत्री सुभाष सुधा के बेटे का हाथ होने का आरोप लगाया है। हमलावरों ने घायल मुनीष रोड की दोनों टांगें तोड़ दीं व गाड़ी को भी चकनाचूूर कर दिया। आरोप है कि हमलावर मुनीष का मोबाइल व गाड़ी की चाबी लेकर भी फरार हो गए। कार्रवाई कराने को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में शुक्रवार को लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर उपायुक्त राजेश जोगपाल और पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला से मुलाकात की। उन्होंने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

अरोड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी ने चुनावी माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से सैकड़ों असामाजिक तत्व बाहर से बुलाए हैं, जो विरोधी कार्यकर्ताओं को सरेआम धमकियां दे रहे हैं और कांग्रेस समर्थकों पर हमले कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक को बार-बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गुंडातत्वों के खिलाफ कोई कार्रवाई नही की, तो उसके गंभीर परिणाम होंगें। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील भी की। एसपी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा। दैनिक सवेरा ने इस संबंध में भाजपा प्रत्याशी और उनके बेटे साहिल सुधा का पक्ष जानने का प्रयास किया मगर उन्होंने फोन नहीं उठाया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें