Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा शिक्षा बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षाएं 4 जुलाई से शुरू, 27,636 विद्यार्थी होंगे शामिल

July 1, 2025

हरियाणा शिक्षा बोर्ड की कंपार्टमेंट परीक्षाएं 4 जुलाई से शुरू, 27,636 विद्यार्थी होंगे शामिल

Haryana Education Board Exams: भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने सीनियर सेकेंडरी और सेकेंडरी स्तर की कम्पार्टमेंट, अंक सुधार एवं पूर्ण विषयों की परीक्षाओं की तिथियों का ऐलान कर दिया है। इन परीक्षाओं का आयोजन 4 जुलाई से 14 जुलाई 2025 तक किया जाएगा। बोर्ड के अनुसार, इस बार कुल 27,636 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षाएं नकलमुक्त और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

-प्रवेश पत्र वेबसाइट पर उपलब्ध

बोर्ड सचिव डॉ. मुनीश नागपाल ने जानकारी दी कि परीक्षार्थी अपना एडमिट कार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in से 27 जून से डाउनलोड कर सकते हैं।

-परीक्षा कार्यक्रम का विवरण

सीनियर सेकेंडरी (12वीं) की एक दिवसीय कम्पार्टमेंट परीक्षा 4 जुलाई को होगी। इसमें कुल 16,842 विद्यार्थी (10,403 छात्र और 6,439 छात्राएं) शामिल होंगे।

सेकेंडरी (10वीं) की कम्पार्टमेंट, अंक सुधार व पूर्ण विषयों की परीक्षाएं 5 से 14 जुलाई के बीच आयोजित होंगी, जिसमें 10,794 परीक्षार्थी (6,750 छात्र और 4,044 छात्राएं) भाग लेंगे।

-कुल 65 परीक्षा केंद्र स्थापित

परीक्षा संचालन के लिए राज्यभर में 65 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर पूर्णकालिक पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।

-नकलविहीन परीक्षा के लिए सख्त प्रबंध

परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने हेतु बोर्ड द्वारा 27 विशेष उड़नदस्ते गठित किए गए हैं। साथ ही, हर परीक्षा केंद्र के 500 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू रहेगी। इस क्षेत्र में फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे।

-परीक्षार्थियों के लिए जरूरी निर्देश

बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचे और अपने साथ प्रवेश पत्र व पहचान पत्र अवश्य लाएं। अनुशासन और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें। हरियाणा बोर्ड द्वारा की गई इन तैयारियों से यह स्पष्ट है कि इस बार परीक्षाएं पूरी तरह नकलरहित, सुरक्षित और सुचारू ढंग से संपन्न कराई जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों की मेहनत का न्यायपूर्ण मूल्यांकन हो सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें