ऐलनाबाद: आज प्रात ऐलनाबाद में हनुमानगढ़ रोड पर भयंकर सड़क हादसा हुआ जिसमें हरियाणा रोडवेज की बस ने ट्रैक्टर ट्राली को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर ट्राली में सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य महिला की अग्रोहा मैडीकल कालज में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में 6 अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार ऐलनाबाद में हनुमानगढ़ रोड पर बाजीगरों की ढाणी के समीप शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सिरसा से हनुमानगढ़ जा रही रोडवेज की बस ने आगे चल रही ट्रैक्टर ट्राली को पीछे से टक्कर मार दी।
ट्रैक्टर ट्राली में ममेरा रोड स्थित ढाणी से नरमा चुगाई के लिए लेबर जा रही थी। पीछे से आई तेज रफ्तार बस की टक्कर लगने से ट्रैक्टर ट्राली पलट गई और ट्राली में सवार महिलाएं व अन्य मजदूर घायल हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही ऐलनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची वह घायलों को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहा चिकित्सकों ने दो महिलाओं को मृत्यु घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान विमला उम्र 40 वर्ष पत्नी सुभाष वासी वार्ड नंबर 6 ऐलनाबाद और कृष्णा उम्र 53 वर्ष पत्नी रणजीत सिंह वासी वार्ड नंबर 5 ऐलनाबाद व विमला उम्र 60 वर्ष पत्नी लक्ष्मण दास वासी वार्ड नंबर 5 ऐलनाबाद, के रूप में हुई है।
जबकि इस हादसे में सरोज उम्र 40 वर्ष पत्नी अमर सिंह वासी वार्ड नंबर 6 ऐलनाबाद, रोशनी उम्र 42 वर्ष पत्नी सोनू वासी वार्ड नंबर 5 ऐलनाबाद, राजबाला उम्र 47 वर्ष पत्नी सतपाल वासी वार्ड नंबर 5 ऐलनाबाद, शारदा देवी उम्र 52 वर्ष पत्नी पप्पू वासी वार्ड नंबर 6 ऐलनाबाद, सुनीता उम्र 36 वर्ष पत्नी गुरदयाल वासी वार्ड नंबर 6 ऐलनाबाद व सुभाष उम्र 52 वर्ष पुत्र कृष्ण लाल वासी ममेरा कलां गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रेफर कर दिया गया है। बाद में अग्रोहा मैडीकल कालज में इलाज के दौरान विमला पत्नी लक्ष्मण की मौत हो गई। थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतका कृष्णा के बेटे सूरज कुमार उर्फ रोहतास के बयानों पर बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू की है।