भिवानी में थाना लोहारू पुलिस ने जबरन वसूली के मामले में दो सूदखोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजेंद्र और प्रदीप, दोनों निवासी सतनाली, के रूप में हुई है। सोमवार को दोनों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
शिकायतकर्ता राजेश निवासी सोहांसड़ा ने बताया कि उसने अक्टूबर 2018 में पांच लाख रुपये का कर्ज लिया था। इसके बदले में आरोपियों ने पंजाब नेशनल बैंक के कुछ खाली चेक और कई खाली परनोटों पर उसके हस्ताक्षर करवा लिए थे।
राजेश के मुताबिक, पूरी रकम लौटाने के बावजूद आरोपी उसे बार-बार धमकाते रहे और अधिक पैसे की जबरन मांग करते रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो वे इन्हीं परनोटों और चेकों के आधार पर झूठा मुकदमा दर्ज करवा देंगे।
जांच अधिकारी रोहतास ने बताया कि पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को सतनाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया। राजेंद्र से पांच परनोट और एक चेक, जबकि प्रदीप से एक खाता रजिस्टर बरामद किया गया है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों ने और किन लोगों से इस तरह की जबरन वसूली या सूदखोरी का काम किया है। मामला गंभीरता से जांच के दायरे में है।