Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, आर्मी जवान सहित 3 लोगों की मौत

March 16, 2026

अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी कार, आर्मी जवान सहित 3 लोगों की मौत

नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में 15 मार्च को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बंगापानी-मदकोट मार्ग पर मुनस्यारी की ओर जा रही एक इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को कुछ युवक इनोवा कार से मदकोट के रास्ते मुनस्यारी जा रहे थे, जब उनकी कार बंगापानी से करीब एक किलोमीटर पहले एन बैंड नामक स्थान के पास पहुंची, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक बिगड़ गया। नियंत्रण खोने के बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।

राहत टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिली। इस हादसे में लक्ष्मण सिंह नेगी और अंकित पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। लक्ष्मण सिंह नेगी मूल रूप से मुनस्यारी के धूरातोली गांव के रहने वाले थे और फिलहाल जीआईसी पिथौरागढ़ में रह रहे थे। वहीं अंकित पांडे (27) बसंत पांडे के पुत्र थे और पिथौरागढ़ के दौला गांव के निवासी थे।

हादसे में आयुष पंत और देवेश पंत गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पिथौरागढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। बाद में उन्हें 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के लिए रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में अस्कोट के पास आयुष पंत ने भी दम तोड़ दिया। देवेश पंत की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।

बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले लक्ष्मण सिंह नेगी भारतीय सेना की आर्मी मेडिकल कोर (एएमसी) में तैनात थे। उनके निधन की खबर से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में गहरा दुख है। फिलहाल पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि वाहन के अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें