Last Updated: September 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

आज पल्लकड़ और त्रिशूर जाएंगे PM मोदी, BJP उम्मीदवारों के लिए करेंगे प्रचार

March 29, 2026

आज पल्लकड़ और त्रिशूर जाएंगे PM मोदी, BJP उम्मीदवारों के लिए करेंगे प्रचार

नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम। केरल में चुनाव प्रचार तेज हो गया है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केरल के पल्लकड़ और त्रिशूर में चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि केरल के लोगों के बीच रहने का बेसब्री से इंतजार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आज शाम केरल के लोगों के बीच रहने का बेसब्री से इंतजार है। मैं पलक्कड़ में एक रैली को संबोधित करूंगा और उसके बाद त्रिशूर में एक रोड शो में हिस्सा लूंगा। केरल में आम माहौल एनडीए के पक्ष में है। लोग एलडीएफ और यूडीएफ के कुशासन से नाखुश हैं।”

केरल चुनाव में राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता राज्य भर में रैलियों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। मुख्‍यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी रविवार को पलक्कड़ जिले की चार विधानसभा सीटों पर चुनावी कार्यक्रमों में भाग लिया।

गौरतलब है कि केरल विधानसभा के 140 सदस्यों के चुनाव के लिए 9 अप्रैल को केरल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वोटों की गिनती और परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। केरल विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को समाप्त होने वाला है।

इस बार केरल विधानसभा चुनाव में कुल 890 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार, केरल चुनाव में 2.71 करोड़ मतदाता अपना वोट डालने के पात्र हैं।

राज्य में त्रिकोणीय मुकाबला है, जिसमें एलडीएफ, यूडीएफ और एनडीए आमने-सामने हैं। माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ के सामने सत्ता को बरकरार रखने की चुनौती है, जबकि कांग्रेस नीत यूडीएफ वापसी की कोशिश में है और भाजपा नीत एनडीए को बड़ी सफलता की उम्मीद है। 2021 के चुनाव में एलडीएफ ने 99 सीटें जीतीं, कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ को 41 सीटें मिलीं और भाजपा कोई सीट नहीं जीत पाई। 2016 में पार्टी ने पहली बार एक सीट जीती थी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें