रोहतक। पड़ोसी की शादी के लेडीज संगीत में डांस करना महंगा पड़ सकता है। ये ज्वलंत उदाहरण सामने आया है रोहतक के गांव रिठाल फौगात में। यहां लेडीज संगीत में जाने से नाराज जेठ ने छोटे भाई की पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई।
बताते चलें कि मूल रूप से गद्दीखेड़ी की रहने वाली मृतका 39 वर्षीया प्रवेश की शादी करीब 15 वर्ष पहले सुखबीर से हुई थी। उनके तीन बच्चे थे। पुलिस के अनुसार आरोपित जसबीर रविवार रात घर लौटा तो प्रवेश घर पर नहीं मिली। बताया गया कि वह पड़ोसियों के यहां लेडीज संगीत कार्यक्रम में गई थी। इस बात से वह नाराज हो गया। जैसे ही प्रवेश घर लौटी, आरोपित ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। उसने महिला के सिर पर तीन वार किए। उसकी एक कोहनी कट गई, दोनों हाथों पर चोटें थीं और छाती पर भी हमला किया।
हमले के बाद वह फरार हो गया। घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब सवा दो बजे डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के स्वजन का आरोप है कि पहले भी जेठ उससे झगड़ा करता था और बाहर जाने से रोकता था। उसने पहले भी धमकी दी थी। सदर थाना पुलिस ने महिला के पति, जेठ, सास और ससुर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...