Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

झाड़ियों में मिला युवक का शव, कान के पीछे गोली का निशान, हत्या की आशंका

May 16, 2026

झाड़ियों में मिला युवक का शव, कान के पीछे गोली का निशान, हत्या की आशंका

करनाल : करनाल में जीटी रोड पर बसताड़ा स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम के नजदीक टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में एक युवक का शव मिला है। सुबह करीब 7:30 बजे राहगीरों ने शव देखा और सूचना पुलिस को दी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक के सिर और शरीर पर गहरे चोट के निशान हैं। वहीं कान के पीछे गोली लगने का भी निशान मिला है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही घरौंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच के दौरान सामने आया कि घटनास्थल मधुबन थाना क्षेत्र में आता है। इसके बाद मधुबन थाना पुलिस को सूचित किया गया। मधुबन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई अपने हाथ में ली। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए, ताकि हत्या के कारणों और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। आसपास के क्षेत्र में भी जांच कर रही है। मृतक की उम्र करीब 23 से 24 साल बताई जा रही है। युवक की बाजू पर अंग्रेजी के करसिव स्टाइल में ‘गोल्डी’ लिखा हुआ है।

इसके अलावा युवक ने हाथ में कड़ा पहना हुआ है। इन सुरागों के आधार पर उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। मधुबन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। घरौंडा थाना प्रभारी इंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। चूंकि यह एरिया मधुबन थाना पुलिस के अंदर आता है, इसलिए आगामी कार्रवाई मधुबन पुलिस द्वारा ही की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें