Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

करंट लगने से बंदर की मौत, बंदरों के कारण लंबा जाम, यातायात प्रभावित

May 31, 2026

करंट लगने से बंदर की मौत, बंदरों के कारण लंबा जाम, यातायात प्रभावित

महेंद्रगढ़। शहर के सब्जी मंडी रोड स्थित शंकर मार्केट में रविवार को बिजली विभाग की लापरवाही के चलते एक बंदर की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर ऐसा भावुक दृश्य देखने को मिला, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया।

लटक रहे बिजली के तार हादसे का कारण

monkey-dies-electrocution-long-traffic-jam
monkey-dies-electrocution-long-traffic-jam

बंदर के पास दर्जनों बंदर जमा हो गए और काफी देर तक शव के आसपास बैठे रहे। बंदरों के अचानक बड़ी संख्या में सड़क पर जमा होने से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सब्जी मंडी रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। राहगीर और वाहन चालक बंदरों के डर से आगे बढ़ने का साहस नहीं जुटा पा रहे थे। काफी देर की मशक्कत के बाद स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने बंदरों को वहां से हटाया तथा मृत बंदर के शव को सम्मानपूर्वक उठवाया। इसके बाद यातायात सुचारू हो सका। स्थानीय लोगों ने घटना के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि शहर में कई स्थानों पर बिजली के तार खुले और झूलते हुए हैं, जबकि ट्रांसफार्मर भी असुरक्षित हालत में हैं।

शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं

लोगों का कहना है कि विभाग को कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे पहले भी रेलवे रोड पर करंट लगने से एक बंदर गंभीर रूप से झुलस चुका है। घटना के बाद शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक और प्रशासनिक उदासीनता को लेकर लोगों में रोष और बढ़ गया है। नागरिकों ने बताया कि कुछ दिन पहले ब्रह्मदेव चौक पर बंदरों की समस्या को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया था। उस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बंदरों को पकड़ने और बिजली के ढीले तारों को दुरुस्त करने की कार्रवाई नहीं हुई, तो शहरवासी दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें