Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

एक्टर गौरव खन्ना का Bigg Boss 19 को लेकर बड़ा खुलासा- शो जीतने के बाद अभी तक नहीं मिली प्राइज मनी

March 12, 2026

एक्टर गौरव खन्ना का Bigg Boss 19 को लेकर बड़ा खुलासा- शो जीतने के बाद अभी तक नहीं मिली प्राइज मनी

एंटरटेनमेंट डेस्क: अनुपमा फेम टीवी एक्टर गौरव खन्ना ने हाल ही में रियलिटी शो बिग बॉस के सीजन 19 से जुड़ा एक बड़ा खुलासा किया है। गौरव खन्ना ने बताया कि शो जीतने के करीब तीन महीने बाद भी उन्हें ट्रॉफी के अलावा बाकी कोई इनाम अभी तक नहीं मिला है।

दरअसल, दिसंबर 2025 में खत्म हुए बिग बॉस 19 के फिनाले में गौरव खन्ना ने फाइनलिस्ट फरहाना भट्ट को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। शो के होस्ट सलमान खान ने उन्हें विजेता घोषित किया था। विजेता बनने पर उन्हें 50 लाख रुपये की प्राइज मनी, एक लग्ज़री कार और कुछ अतिरिक्त रिवॉर्ड मिलने थे। हालांकि, अब गौरव खन्ना ने खुलासा किया है कि उन्हें अभी तक ये इनाम नहीं मिले हैं।

गौरव खन्ना ने अपने हालिया यूट्यूब व्लॉग में एक फैन के सवाल का जवाब देते हुए इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टीवी इंडस्ट्री में इस तरह के इनाम मिलने में अक्सर थोड़ा समय लग जाता है। सच बात यह है कि अभी तक उन्हें प्राइज मनी और बाकी गिफ्ट्स नहीं मिले हैं, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि जल्द ही सब मिल जाएगा क्योंकि इसके लिए एक तय प्रक्रिया होती है।

उन्होंने आगे बताया कि किसी भी बड़े शो या कंपनी में भुगतान और इनाम देने से पहले इंटरनल ऑडिट और कई तरह की औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं, जिसकी वजह से देरी हो जाती है। आमतौर पर इन प्रक्रियाओं में एक से दो महीने का समय लग जाता है। इसलिए उन्हें इस देरी से कोई खास परेशानी नहीं है और उन्हें यकीन है कि उनका इनाम जल्द ही मिल जाएगा।

अगर बिग बॉस 19 में उनके सफर की बात करें तो गौरव खन्ना पूरे सीजन के दौरान अपनी शांत और संतुलित छवि की वजह से दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहे, जहां कई कंटेस्टेंट शो में विवाद और झगड़ों के कारण चर्चा में रहे। वहीं गौरव ने बेवजह की लड़ाइयों और दुश्मनी से दूरी बनाए रखी। उनकी सभ्य और सम्मानजनक व्यवहार को दर्शकों ने काफी पसंद किया और इसी वजह से उन्हें लगातार सपोर्ट भी मिलता रहा।

शो के दौरान होस्ट सलमान खान ने भी कई बार गौरव खन्ना के व्यवहार और उनके व्यक्तित्व की तारीफ की थी। उन्होंने मंच पर यह संकेत भी दिया था कि भविष्य में उनके साथ किसी प्रोजेक्ट में काम किया जा सकता है। यही वजह रही कि दर्शकों के वोट और समर्थन के दम पर गौरव खन्ना बिग बॉस 19 के विजेता बनने में सफल रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें