Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

इजराइल ने गाजा के सबसे बड़े अस्पताल के पास हवाई हमले किये

October 29, 2023

इजराइल ने गाजा के सबसे बड़े अस्पताल के पास हवाई हमले किये
इजराइल के युद्धक विमानों ने रविवार तड़के गाजा के सबसे बड़े अस्पताल के पास हमले किए। इस अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज उपचाराधीन हैं और हजारों लोगों ने शरण ली हुई है। स्थानीय निवासियों ने यह जानकारी दी।इजराइल ने बिना अधिक साक्षय़ साझा किए दावा किया कि हमास के उग्रवादी अस्पताल का अड्डे के तौर पर इस्तेमाल कर रहे थे। इससे एक दिन पहले इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि हमास के खिलाफ इजराइल युद्ध के ‘दूसरे चरण’ में प्रवेश कर रहा है।
हमास ने सात अक्टूबर को इजराइल पर जबरदस्त हमले किए थे, जिसके बाद से इजराइल ने जवाबी हमले तेज किए हैं।इजराइल ने गाजा पट्टी में इंटरनेट और संचार के अन्य माध्यम बंद कर दिए हैं, जिससे वहां रहने वाले 23 लाख लोगों का आपस में तथा बाहरी दुनिया से संपर्क कट गया है। इजराइल ने शुक्रवार रात से गाजा पर हवाई और जमीनी हमले भी तेज कर दिए हैं।स्थानीय टेलीकॉम कंपनी के मुताबिक, रविवार तड़के काफी हद तक संचार माध्यमों की बहाली की गई है। गाजा के निवासियों ने कहा कि इजराइली हवाई हमलों के कारण शिफा अस्पताल की ओर जाने वाले अधिकतर रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए।
अस्पताल में शरण ले रहे महमूद अल-सवाह ने फोन पर हुई बातचीत में बताया, ‘‘अस्पताल पहुंचना बहुत मुश्किल हो गया है। ऐसा लगता है कि वे इस क्षेत्र का संपर्क काट देना चाहते हैं।’’ गाजा शहर के एक अन्य निवासी अब्दुल्ला सईद ने कहा कि पिछले दो दिनों में इजराइली बमबारी युद्ध शुरू होने के बाद से ‘‘सबसे हिंसक  और तीव्र’’ थी।शिफा के निकट हमलों की रिपोर्ट के बारे में पूछे जाने पर इजराइली सेना ने तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें