नारनौल। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी की ओर से अब तक 33 स्थानों पर रेड की।
इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न ढाबों, होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर 216 घरेलू गैस सिलेंडर अवैध रूप से इस्तेमाल होते पाए गए। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई के साथ-साथ विभाग ने आमजन और व्यापारियों के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश भी जारी किया है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि विवाह-शादियों और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही प्रयोग किया जाए। बैंक्विट हॉल, मैरिज गार्डन और कैटरिंग संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे घरेलू सिलेंडरों का उपयोग कर नियमों का उल्लंघन न करें।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने में सहयोग करें। भविष्य में भी इस प्रकार की औचक छापेमारी जारी रहेगी और यदि कोई भी व्यावसायिक इकाई घरेलू गैस का इस्तेमाल करते हुए पकड़ी जाती है, तो उसके विरुद्ध कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ये भी देखें :
मेष: दिन शुभ रहेगा...