नेशनल डेस्क: वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) पेंच क्षेत्र की इकलहरा स्थित बंद ओपन कास्ट कोयला खदान में अचानक इमारत ढह गई, जिसके मलबे के नीचे आकर करीब 5 लोग दब गए। जानकारी के अनुसार, पांचों में से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। एक की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ये भी पढ़ें: शेख हसीना पर ICT के फैसले से पहले ढाका में बम धमाके, देशभर में हाई अलर्ट
जानकारी के अनुसार, हादसा रात लगभग तीन बजे हुआ, जब कुछ स्थानीय लोग बंद पड़ी खदान में अवैध तरीके से कोयला निकालने के लिए खुदाई कर रहे थे। खुदाई के दौरान एक विशाल चट्टान अचानक गिर गई और उसके नीचे 5 लोग दब गए। खदान में काफी अंधेरा था, जिसके कारण घायलों को बाहर निकालने में काफी मुश्किलें आई।
घटना की सूचना मिलते ही परासिया एसडीएम और तहसीलदार रविवार शाम पांच बजे घटनास्थल पर पहुंचे। पांच में से 4 घायलों की पहचान हुई है, जिनमें रिजवान खान (28), कुनाल कोचे (23), शादाब खान (32) और साईना कुरैशी (25) शामिल हैं। सभी निवासी इकलहरा कैंप के है।
सूत्रों के अनुसार, घटना वाली खदान बडकुही ओपन कास्ट क्षेत्र की है, जहां पर सालों से उत्पादन बंद है। उत्पादन बंद होने के कारण यह क्षेत्र कोयला माफिया के नियंत्रण में बताया जाता है। कोयले की परतें सतह से साफ हैं, जिस से पता चलता है कि अवैध खुदाई लंबे समय से चल रही है। हादसे की रात भी करीब पंद्रह लोग इसी अवैध खुदाई के लिए गए थे। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। खदान क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: सीएम का बड़ा ऐलान, 3 मेट्रो स्टेशनों के बदले जाएंगे नाम, जानें अब किन नामों से होगी पहचान