A car collided with trolley, Three dead : लखीमपुर। चपरतला के पास भीषण सड़क हादसे ने सुल्तानपुर के एक परिवार को गहरे जख्म दे दिए। ये हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हुआ। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हादसे का कारण कार चला रहे व्यक्ति को झपकी आना था। सड़क हादसे में सुल्तानपुर की दंपती सहित उनकी भांजी की मौत हो गई। अस्पताल में भाई-बहन और मामा दाखिल हैं। कार में कुल छह लोग सवार थे। सुल्तानपुर जिले के शास्त्री नगर निवासी विमल सिंह अपने परिवार के साथ वीकेंड पर शनिवार को देवभूमि हरिद्वार की यात्रा पर निकले थे। सुबह करीब तीन बजे चपरतला के पास उनकी कार आगे चल रही एक नमक भरी ओवरलोड ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के केवल परखच्चे ही नहीं उड़े, बल्कि कार ट्रॉली में घुसी हुई करीब 4 किलोमीटर तक जहानीखेड़ा से लेकर चपरतला तक घिसटती ही रही।
बाद में एक वाहन चालक ने ओवरटेक कर ट्रैक्टर चला रहे चालक को इसकी जानकारी दी। ये जानकर ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर भाग गया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से पसगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसगवां से शाहजहांपुर भेजा गया। जहां से सभी घायलों को लखनऊ रेफर कर दिया गया। मृतकों में 40 वर्षीय विमल सिंह , उनकी पत्नी 20 वर्षीय वंदना सिंह पटेल निवासीगण मुहल्ला शास्त्रीनगर जिला सुल्तानपुर तथा उनकी भांजी 22 वर्षीय आलीख्या वर्मा निवासी ग्राम रायपुर थाना दोस्तपुर जिला सुल्तानपुर शामिल हैं।
हादसे में परिवार के तीन अन्य सदस्य 15 वर्षीय रूबी औ उसका भाई 14 वर्षीय वीर पटेल पुत्र विमल सिंह और विमल सिंह का साला 27 वर्षीय आयुष सिंह पुत्र रामनिवास निवासी ग्राम खंडवारी थाना बनुआ जिला सुल्तानपुर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें वीर पटेल और उनकी बहन रूबी के पैर टूट गए हैं।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...