Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

भिटहा टोल प्लाजा के पास पलटी बोलेरो, दो युवकों की मौत, चार घायल

February 12, 2026

भिटहा टोल प्लाजा के पास पलटी बोलेरो, दो युवकों की मौत, चार घायल

नेशनल डेस्क: गोरखपुर के बेलीपार में भिटहा टोल प्लाजा के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरात से लौट रही एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, चारपान खुर्द निवासी सुभाष मौर्य के बेटे की शादी में शामिल होने के लिए चारपान सुअड्डा और नगवां टोला के आशुतोष पांडेय, सूरज पांडेय, सरवन चौहान, आलोक शर्मा, दीपक निषाद, शिवम गुप्ता और सूरज शर्मा बोलेरो (नंबर यूपी 53 सीजेड 5497) से गोला बाजार गए थे। शादी समारोह के बाद सभी लोग रात करीब 11 बजे अपने गांव लौट रहे थे।

गांव से लगभग दो किलोमीटर पहले भिटहा टोल प्लाजा के पास चालक आशुतोष पांडेय अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठे। तेज रफ्तार बोलेरो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के तुरंत बाद टोल प्लाजा कर्मियों और आसपास के ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया। गाड़ी के पलट जाने से कई युवक अंदर फंस गए थे। बोलेरो के दरवाजे जाम हो गए थे, जिससे उन्हें बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था। स्थानीय लोगों ने किसी तरह दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। इस दौरान हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर बेलीपार पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान चालक आशुतोष पांडेय की बुधवार सुबह मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल आलोक शर्मा को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया। सूरज शर्मा की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

मृतक आशुतोष पांडेय के परिवार में मातम पसरा हुआ है। उनकी पत्नी पूजा पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके दो छोटे बच्चे दो वर्षीय राघवेंद्र और पांच वर्षीय तनिष्क अभी इस हादसे से अनजान हैं। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हादसे के बाद घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था। सड़क पर कांच के टुकड़े, टूटे वाहन के हिस्से और खून के धब्बे बिखरे पड़े थे, जो इस दुर्घटना की गंभीरता को साफ दर्शा रहे थे। पुलिस ने वाहन को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें