Site icon Dainik Savera Times

बदला मौसम, सुबह ठिठुरन और दोपहर में तपन

weather-update-in-hayana

weather-update-in-hayana

अंबाला। हम अप्रैल माह के मध्य में पहुंचने वाले हैं। मौसम के तेवर बदलने का नाम ही नहीं ले रहे। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में तेज धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है। दिन और रात के तापमान में बढ़ते अंतर ने आमजन के साथ-साथ किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।

तापमान भी हो रहा अस्थिर

सुबह-शाम की ठंड के चलते लोग अब भी स्वेटर या इनर पहनने पर मजबूर हो रहे हैं। दोपहर में सूरज की तपिश गर्मी का अहसास कराने लगी है। इस बदलते मिजाज ने आमजन की दिनचर्या से लेकर स्वास्थ्य तक पर असर डालना शुरू कर दिया है। शुक्रवार सुबह का नजारा कुछ ऐसा रहा कि बिना गरम कपड़ों के बाइक पर निकलना मुश्किल हो गया। हल्की ठंडी हवा ने लोगों को सर्दियों की याद दिला दी। जैसे-जैसे दिन चढ़ा, तापमान तेजी से बढ़ा और दोपहर तक पारा 30.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

सामान्य से तीन डिग्री तापमान कम

यह सामान्य से करीब तीन डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री नीचे है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव का सबसे ज्यादा असर आम लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। सुबह-शाम की ठंड और दोपहर की गर्मी के कारण सर्दी-जुकाम, बुखार और वायरल संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं। डाक्टर भी लोगों को सतर्क रहने और मौसम के अनुसार कपड़े पहनने की सलाह दे रहे हैं।

बीच-बीच में छा रहे हल्के बादल

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राहत की बात यह है कि अगले एक सप्ताह तक वर्षा की संभावना नहीं है। आसमान अधिकतर साफ रहेगा और बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मौसम का सबसे बड़ा फायदा किसानों को मिल रहा है। गेहूं की फसल पक कर तैयार है और कटाई का काम तेजी पकड़ रहा है।

किसानों को मिल रही राहत

वर्षा की आशंका न होने से किसान निश्चिंत होकर खेतों में जुटे हुए हैं और फसल को सुरक्षित निकालने में लगे हैं। नमी के स्तर में भी गिरावट दर्ज की गई है। सुबह 54 प्रतिशत और शाम को यह घटकर 34 प्रतिशत तक पहुंच गई, जिससे दिन में सूखी गर्मी का असर बढ़ रहा है।

Also Read : संत रामपाल रिहा, जानें इंजीनियर से कैसे बना संत

Also Read : चंडीगढ़ ब्लास्ट पर बोले बिट्टा : नाम अलग, साजिश एक

Also Read : पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अनुज प्रथम

Also Read : खुशियों, मेहनत और आस्था का पर्व है बैसाखी

Exit mobile version