Last Updated: October 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bus Fire: मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर वापस लौट रही टूरिस्ट बस में लगी भीषण आग; 9 लोगों की जिंदा जलने से मौत, कई दर्जनों झुलसे

May 18, 2024

Bus Fire: मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर वापस लौट रही टूरिस्ट बस में लगी भीषण आग; 9 लोगों की जिंदा जलने से मौत, कई दर्जनों झुलसे

नूँहः (सद्दाम हुसैन)। तावडू उपमंडल की सीमा से गुजर रहे कुंडली मानेसर पलवल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार- शनिवार की रात श्रद्धालुओं से भरी बस में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे बस में सवार 9 लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। जबकि दो दर्जन से अधिक बुरी तरह झुलस गए जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चलती बस में आग की लपटें देख स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।जिसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर किसी तरह काबू पाया। हादसे के शिकार लोग पंजाब और चंडीगढ़ के रहने वाले बताए गए हैं जो मथुरा और वृंदावन दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।


टूरिस्ट बस से बनारस और मथुरा-वृंदावन से दर्शन कर वापस लौट रहे थे श्रद्धालु
बस में सवार पीड़ित श्रद्धालु सरोज पुंज व पूनम ने बताया कि बीते शुक्रवार को एक टूरिस्ट बस किराए पर कर बनारस और मथुरा वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। बस में 60 लोग सवार थे। जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। यह सभी नजदीकी रिश्तेदार थे। जो पंजाब के लुधियाना होशियारपुर और चंडीगढ़ के रहने वाले थे।शुक्रवार-शनिवार की रात वह दर्शन कर वापस लौट रहे थे। देर रात डेढ़ बजे के करीब बस में आग की लपटें दिखाई दी। उन्होंने बताया कि वह आगे की सीट पर बैठी हुई थी। किसी तरह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें निकाल लिया गया।

आवाज लगाकर चालक को बस रोकने के लिए…
घटनास्थल पर मदद के लिए पहुंचे ग्रामीण साबिर, नसीम, साजिद, एहसान आदि ने बताया कि देर रात करीब 1:30 बजे एक चलती बस में उन्हें आग की लपटें दिखाई दी। उन्होंने आवाज लगाकर चालक को बस रोकने को कहा, लेकिन बस नहीं रुकी। फिर एक युवक ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर बस का पीछा किया और चालक को आग लगने सूचना दी। फिर बस रुकी लेकिन तब तक बस में आग काफी तेज हो चुकी थी। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी करीब बहुत देर से पहुंची। तब तक बस में सवार लोग बुरी तरह झुलस चुके थे। जिनमें आठ की मौत हो गई। तावडू सदर थाना पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भिजवाया। हादसे की सूचना मिलने के कुछ देर बाद पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया भी अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। जिन्होंने पूरे जानकारी ली।

तावडू एसडीएम भी घटनास्थल पर पहुंचे
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है। करीब दो दर्जन घायल है। सभी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस कार्रवाई में जुटी है। इसके अलावा तावडू एसडीएम संजीव कुमार, तावडू सदर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार व डीएसपी आदि मौके पर पहुंचे। इस दौरान मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद पूरी स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें