
बहादुरगढ़। पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास लगा संकेतक बोर्ड अब खतरे का रूप ले चुका है। जर्जर पोलों की हालत इतनी खराब है कि राहगीरों को हर पल दुर्घटना का डर बना रहता है।
ये भी पढ़ें: कांग्रेस शीतकालीन सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी में: भुक्कल
दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन तब हरकत में आता है जब कोई घटना हो जाती है। शहर के कई हिस्सों में लगे पोल जंग से टूटने की हालत में पहुंच चुके हैं, जिन पर लोग अब भरोसा नहीं कर पा रहे।
स्थानीय लोग बताते हैं कि बास्केटबॉल पोल गिरने से दो खिलाड़ियों की मौत के बाद भी ऐसी संरचनाओं की मरम्मत नहीं बढ़ाई गई। झज्जर रोड मोड़ पर लगा दिशा बोर्ड भी दो पूरी तरह कमजोर पोलों पर टिका है, जहां रोज बड़ी संख्या में लोग खड़े रहते हैं।
बसों और निजी वाहनों का इंतजार करने वालों की भीड़ दिनभर यहां जमा रहती है। खाने-पीने की रेहड़ियां भी आसपास लगी रहती हैं, जिससे इस जर्जर ढांचे के नीचे लगातार लोगों की आवाजाही बनी रहती है।
पीडब्ल्यूडी में एसडीओ राजेश कुमार ने बताया कि शहर के सभी संकेतक पोलों की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि टूटे, कमजोर या जंग लगे पोलों की सूची तैयार हो रही है और जल्द मरम्मत शुरू कराई जाएगी।