Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM Manohar Lal ने किसानों से की मुलाकात, जल्द ही गन्ना व चीनी मिलों के हित में निर्णय लेने का दिया आश्वासन

January 23, 2023

CM Manohar Lal ने किसानों से की मुलाकात, जल्द ही गन्ना व चीनी मिलों के हित में निर्णय लेने का दिया आश्वासन

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज उनके आवास संत कबीर कुटीर पर मुलाकात करने आए किसान प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही गन्ना किसानों व चीनी मिलों के हित में निर्णय लेगी। सरकार ने गन्ने के मूल्य निर्धारण के लिए कमेटी का गठन किया हुआ है। कमेटी द्वारा चीनी की लागत व रिकवरी, पड़ोसी राज्यों में गन्ने के मूल्य तथा किसानों की मांगों इत्यादि समेत सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए हितकारी निर्णय लिया जाएगा। बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल भी उपस्थित रहे।

सीएम मनोहर लाल ने किसानों से अपील की है कि किसान हड़ताल की पद्धति न अपनाएं। चीनी मिलों का बंद होना न तो किसान और न ही मिलों के हित में है। इसलिए किसान हड़ताल खत्म कर चीनी मिलों को सुचारू रूप से चलने दें। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि किसान भाई किसी भी प्रकार से किसी के बहकावे में न आएं। किसान भाई विवेकपूर्ण फैसला लें और मिलों को चलने दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सदैव किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। पिछले 8 सालों में हमारी सरकार ने निरंतर किसानी व किसानों के हित में नई नई योजनाएं चलाई हैं। प्रदेश सरकार द्वारा बनाई गई कमेटी गन्ना किसानों की मांग पर गौर करेगी और उचित निर्णय लेगी, जो दीर्घकालीन समय में सबके लिए हितकारी होंगे। बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ सुमिता मिश्रा, किसान प्रतिनिधि व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें