Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

नशे में धुत पुलिसकर्मी ने 22 वर्षीय युवती को कुचला, लड़की की मौत से लोगों में आक्रोश

February 12, 2026

नशे में धुत पुलिसकर्मी ने 22 वर्षीय युवती को कुचला, लड़की की मौत से लोगों में आक्रोश

हरियाणा डेस्क: हरियाणा के अंबाला में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवती की जान चली गई। आरोप है कि नशे में धुत एक पुलिसकर्मी ने अपनी कार से पहले ई-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर सड़क पर गिरी युवती को कुचल दिया। युवती की पहचान निकिता के रूप में हुई है। गुस्साए लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, निकिता अपने भाई हर्ष बजाज के साथ दिल्ली से ट्रेन द्वारा अंबाला छावनी पहुंची थी। दोनों रात करीब सवा आठ बजे स्टेशन से शहर जाने के लिए ई-रिक्शा में बैठे। उसी ई-रिक्शा में पटेल नगर निवासी केशव और उनकी पत्नी पूनम भी सवार थे, जबकि रविंद्र नामक व्यक्ति ई-रिक्शा चला रहा था, जब ई-रिक्शा काली पलटन पुल से लगभग 100 मीटर आगे शहर की ओर बढ़ रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित हो गया और उसमें बैठी निकिता उछलकर सड़क पर गिर पड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और सड़क पर गिरी निकिता के ऊपर कार चढ़ा दी। बताया जा रहा है कि चालक ने कुछ दूरी पर गाड़ी रोकी और फिर दोबारा ई-रिक्शा की ओर बढ़ा, लेकिन भीड़ को इकट्ठा होता देख उसने ब्रेक लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कार चालक को बाहर निकाल लिया। आरोप है कि वह पुलिस की वर्दी में था और नशे की हालत में दिखाई दे रहा था।

घटना की सूचना डायल 112 और स्थानीय थाना पुलिस को दी गई। गंभीर रूप से घायल निकिता को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रात करीब 9 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और रात करीब 11:10 बजे तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी पुलिसकर्मी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें