Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

शादी वाले दिन दूल्हे के पिता गायब, सीसीटीवी ने खोली हत्या की कड़ी

December 2, 2025

शादी वाले दिन दूल्हे के पिता गायब, सीसीटीवी ने खोली हत्या की कड़ी

करनाल/इंद्री।

नौरता गांव में शनिवार को दूल्हे सोनू के पिता रामलाल (65) रहस्यमय तरीके से गायब हो गए। परिवार शादी की तैयारियों में व्यस्त था, लेकिन देर शाम तक वह घर नहीं लौटे। अगले ही दिन मामला अपहरण और हत्या में बदल गया। गांव के सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि रामलाल को आखिरी बार गांव के युवक मोर अपने साथ बाइक पर ले जा रहा था।

परिजन फुटेज लेकर पुलिस के पास पहुंचे। सोमवार को मोर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने रामलाल की हत्या कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शव को यमुनानगर के प्रतापनगर के पास कलेसर जंगल में फेंकने की बात कही है। टीमें जंगल में लगातार तलाशी कर रही हैं, लेकिन अब तक शव बरामद नहीं हुआ।

एक लाख रुपये लेकर गए थे खरीदारी

रामलाल की पत्नी चंपा ने बताया कि वह दो दिन पहले बैंक से एक लाख रुपये निकालकर लाए थे। शनिवार सुबह शादी का सामान खरीदने घर से निकले थे। शाम तक वापस न आने पर परिजन परेशान हो गए। रात में गुमशुदगी की प्राथमिकी इंद्री थाना में दर्ज कराई ग

बरात लौटी, तब चला वारदात का सुराग

रविवार सुबह भी रामलाल का कोई पता नहीं लगा। परिवार मजबूरी में दूल्हे सोनू को पिता के बिना ही बरात लेकर भेजा। शाम को बरात लौटने के बाद परिजन ने गांव में लगे कैमरों की फुटेज देखनी शुरू की। फुटेज में मोर रामलाल को बाइक पर ले जाता दिखा।

चंपा ने आरोप लगाया कि रुपये निकलवाने की जानकारी मोर को थी। वह कई दिनों से पति की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। लालच में उसने अपहरण करके हत्या की।

शादी की खुशियां मातम में बदल गईं

29 नवंबर को सोनू का मंडा कार्यक्रम था। घर में खुशियां थीं। पिता की अचानक गुमशुदगी ने माहौल बदल दिया। जैसे ही हत्या की जानकारी मिली, विवाह वाला घर रोने-चिल्लाने से गूंज गया। परिवार को विश्वास नहीं हो रहा कि शादी के दिन ऐसी वारदात हो सकती है।

पुलिस का बयान

“रामलाल की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज है। परिजनों ने गांव के युवक मोर पर अपहरण व हत्या का शक जताया था। पूछताछ में उसने वारदात कबूल की है। पुलिस टीमें कलेसर जंगल में शव की तलाश कर रही हैं। अभी तक कोई सुराग नहीं मिला।”
– विपिन कुमार, थाना प्रभारी, इंद्री थाना

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें