हरियाणा डेस्क: जींद जिले के गांव बड़ौदा में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में बने कमरे में अचानक आग लगने से दो युवकों की जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण हीटर के तार में शॉर्ट सर्किट था।
मृतकों की पहचान गांव बड़ौदा के ही रहने वाले अशोक (33) और अमरजीत उर्फ सोनू (34) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार खेत अशोक का ही था और मंगलवार रात दोनों दोस्त वहीं पर ठहरे हुए थे।
ये भी पढ़ें: ब्राज़ील की सड़कों पर बिछीं लाशें, सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जवाब
बुधवार सुबह जब आसपास के किसान खेतों में पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि कोठड़े की दीवारें काली पड़ी हुई हैं, जबकि कुछ दिन पहले ही वहां पेंट करवाया गया था। शक होने पर जब वे पास गए तो अंदर दोनों के जले हुए शव मिले। तुरंत ही उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही उचाना थाना प्रभारी दिलबाग सिंह और डीएसपी संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जांच के बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि अशोक का शव नरवाना अस्पताल भेजा गया है और अमरजीत का शव अधिक जला होने के कारण खानपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला हीटर के तार में शॉर्ट सर्किट से आग लगने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों ही मेहनती और मिलनसार स्वभाव के युवक थे।
ये भी पढ़ें: वैश्विक तनाव, व्यापार व्यवधानों के बीच पीएम मोदी ने भारत को ‘स्थिर प्रकाश स्तंभ’ बताया