Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana News : पश्चिमी शुष्क हवाओं ने बढ़ाई तपिश, पारा 44 डिग्री के पार

May 18, 2026

Haryana News : पश्चिमी शुष्क हवाओं ने बढ़ाई तपिश, पारा 44 डिग्री के पार

अंबाला। प्रदेश के एनसीआर और दिल्ली में चल रही पश्चिमी शुष्क हवाओं और तेज धूप के कारण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। रविवार को क्षेत्र के अधिकतर इलाकों में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।

सिरसा में पारा 43 के पार

मौसम विभाग के अनुसार सिरसा में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं फरीदाबाद में 43.7 डिग्री सेल्सियस तथा रोहतक में 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नारनौल में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तथा हिसार में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पूरे हरियाणा-एनसीआर क्षेत्र में दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। भीषण गर्मी के चलते दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दी।

प्रदेश में कई जगह लू के हालात

गर्म हवाओं और तेज धूप से बचने के लिए लोग घरों में रहने को मजबूर रहे। चिकित्सकों ने लोगों को धूप में निकलते समय सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। इसके अलग गुरुग्राम में गर्मी बढ़ रही है। कुछ दिनों की बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। प्रदेश के कई हिस्सों में लू जैसे हालात हैं। IMD के अनुसार इस सप्ताह तेज धूप, लू और तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के जिलों में हीटवेव का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञानियों ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है।

19 मई से और बढ़ेगी गर्मी

19 मई को सुबह से ही गर्मी चरम पर होगी। दोपहर में तेज गर्म हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं। 20 मई को गर्मी और बढ़ने की उम्मीद है। पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा में हीटवेव की स्थिति देखने को मिलेगी। मौसम विभाग ने जरूरी काम से ही बाहर निकलने की सलाह दी है। 21 मई हरियाणा के लिए इस साल का सबसे गर्म दिन हो सकता है। 22 मई को भी गर्मी से राहत के संकेत नहीं है। हालांकि 23 मई को तापमान में हल्की गिरावट आएगी, लेकिन उमस परेशान करती रहेगी।

Also Read : 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें