देहरादून। Haryanvi singer abused दयानंद एंग्लो-वैदिक (डीएवी) पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के छात्र संघ की ओर से आयोजित समारोह में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा और अजय हुड्डा ने प्रस्तुति दी। अचानक मासूम शर्मा ने मंच से ही गालियां देनी शुरू कर दी। जल्द ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद मासूम शर्मा ने माफी मांगने का वीडियो भी जारी कर दिया।
डीएवी पीजी कॉलेज में 11 को था समारोह
इस समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमत्री धामी ने भी शिरकत की। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जाने के बाद मासूम शर्मा ने मंच पर गाली गलौज शुरू कर दी। आपत्तिजनक शब्द बोलने पर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारी, स्टाफ और मौजूद छात्र छात्राएं भी असहज हो गए। गायक मासूम शर्मा जिस समय मंच से गाली दे रहे थे, उस दौरान खानपुर विधायक उमेश शर्मा भी मौजूद थे। विधायक ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन वे नहीं रुके।
ऐसे मांगी माफी, गालियों का बताया कारण
मंच से गाली देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मासूम शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सफाई देते हुए माफी मांगी है। उन्होंने कहा पिछले कुछ समय से एक संदिग्ध व्यक्ति उन्हें परेशान कर रहा है। उसी तनाव का असर मंच पर दिखाई दिया। यदि मेरे शब्दों से किसी को ठेस पहुंची है तो इसके लिए माफी मांगता हूं।
शख्स पर रैकी का आरोप
मासूम शर्मा ने बताया कि मैं देहरादून में कार्यक्रम के लिए अपनी टीम के साथ होटल में ठहरा था। पिछली रात से एक संदिग्ध युवक होटल के आसपास चक्कर काट रहा था। हालांकि शुरुआत में इसे सामान्य समझा, लेकिन बाद में अमेरिका से चाचा के बेटे का फोन आया और बताया कि एक व्यक्ति ने फोन कर अभद्र बातें की और इसके बाद पूरी रात मैं और मेरी टीम तनाव में रही।
एसपी सिटी बोले-होगी कानूनी कार्रवाई
इस पूरे मामले पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित छात्र संघ सप्ताह के समापन कार्यक्रम में हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा की ओर से कार्यक्रम के दौरान स्टेज से गाली गलौज करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। जिसमें डालनवाला पुलिस की ओर से सभी तथ्यों पर विस्तृत जांच की जा रही है. गायक को नोटिस भेजा गया है। जांच के दौरान प्रकाश में आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गायक का विवादों से पुराना नाता
हरियाणवी गायक मासूम शर्मा पहले भी विवादों में रहे हैं। साल 2024 में एक महिला ने गायक पर मारपीट और छेड़खानी का आरोप लगाया था। साल 2025 में हरियाणा सरकार ने गन कल्चर को बढ़ावा देने के आरोप में उनके गानों को यूट्यूब से हटाने का आदेश दिया था। इसके अलावा, फरवरी 2026 में जिंद में एक लाइव शो के दौरान पूर्व सरपंच के साथ बदसूलकी और मंच से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के कारण भी विवाद हुआ था।
मासूम को महिला आयोग का नोटिस
महिला आयोग ने मासूम शर्मा को आगामी 18 अप्रैल को सुबह 11 बजे पंचकूला स्थित आयोग के मुख्यालय में बुलाया है। सिंगर को वहां व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना होगा। आयोग यह जानना चाहता है कि आखिर किन परिस्थितियों में और किस मंशा से उन्होंने ऐसी भाषा का चुनाव किया। यदि गायक के पास अपनी सफाई में कोई ठोस दलील नहीं हुई, तो आयोग उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पुलिस केस दर्ज कराने की सिफारिश कर सकता है।
Also Read : बॉक्सर स्वीटी और दीपक अलग, भत्ता भी त्यागा
Also Read : खुशियों, मेहनत और आस्था का पर्व है बैसाखी
Also Read : प्रदेश में पहली बार मनेगा बैसाखी पर्व
Also Read : बैसाखी महोत्सव 2026 में होंगे 200 दंगल

