Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली-NCR में बढ़ी गर्मी: 37°C तक पहुंच सकता है तापमान; इन राज्यों में बारिश के आसार

March 11, 2026

दिल्ली-NCR में बढ़ी गर्मी: 37°C तक पहुंच सकता है तापमान; इन राज्यों में बारिश के आसार

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में मार्च के शुरुआती दिनों में ही गर्मी का असर तेजी से महसूस किया जा रहा है। तापमान लगातार बढ़ने से दिन के समय लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज दिल्ली का अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों में हवाओं की गति करीब 17 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। हालांकि गर्मी और धुंध के बीच मौसम वैज्ञानिकों ने जल्द राहत मिलने की संभावना जताई है। अनुमान है कि आने वाले दिनों में हल्की बारिश के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

15 मार्च के बाद बदल सकता है मौसम

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 15 मार्च के आसपास प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।

अलग-अलग शहरों का तापमान और AQI

शहर अधिकतम/न्यूनतम तापमान AQI
दिल्ली 37 / 19 192
नोएडा 36 / 19 197
गाजियाबाद 35 / 18 217
गुरुग्राम 36 / 18 189
ग्रेटर नोएडा 36 / 18 247
फरीदाबाद 36 / 18 204

AQI के आंकड़ों से साफ है कि दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता अभी भी मध्यम से खराब श्रेणी में बनी हुई है।

धुंध और धूल का क्या है कारण?

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पिछले दिनों पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाएं बलूचिस्तान, मध्य पाकिस्तान और थार मरुस्थल से धूल को उत्तर भारत की ओर लेकर आई थीं। इसी वजह से दिल्ली और आसपास के इलाकों में धुंध और धूल की परत दिखाई दे रही है।

हाल के दिनों में हवाओं की गति कम होने से यह धूल वातावरण में ही ठहर गई है, जिससे विजिबिलिटी कम हो गई और वायु प्रदूषण बढ़ गया।

ईरान से धुआं आने की बात गलत

कुछ लोगों द्वारा यह दावा किया जा रहा था कि ईरान की रिफाइनरी में हुई बमबारी का धुआं भारत की ओर आ रहा है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों ने इसे पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि वर्तमान हवाओं की दिशा ऐसी नहीं है कि वह धुआं दिल्ली तक पहुंचे। ऊंचाई पर चल रही हवाएं उस धुएं को पूर्व की ओर चीन और रूस की तरफ ले जा सकती हैं।

ये भी पढ़ें:

आगे क्या रहेगा असर

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि 15 मार्च के आसपास बारिश होती है तो दिल्ली-एनसीआर में तापमान कुछ डिग्री कम हो सकता है और हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल सकता है। फिलहाल लोगों को गर्मी और धूल दोनों का सामना करना पड़ रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें