Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

आईपीएल 2026: PBKS vs RCB मैच के लिए धर्मशाला तैयार, पैराग्लाइडिंग पर रहेगी रोक, इन जगह मिलेगी पार्किंग

May 16, 2026

आईपीएल 2026: PBKS vs RCB मैच के लिए धर्मशाला तैयार, पैराग्लाइडिंग पर रहेगी रोक, इन जगह मिलेगी पार्किंग

हिमाचल डेस्कः रविवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में होने वाले आईपीएल 2026 के पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मुकाबले के लिए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी। ट्रैफिक जाम से बचने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कांगड़ा, मटौर और गगल से आने वाले वाहनों को दाड़ी मैदान में पार्क किया जाएगा, जबकि पालमपुर और योल की ओर से आने वाले वाहनों के लिए सिद्धबाड़ी स्थित जोरावर स्टेडियम में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा पुलिस मैदान धर्मशाला में भी पार्किंग उपलब्ध रहेगी, जहां से स्टेडियम तक शटल बस सेवा चलाई जाएगी।

ये भी पढ़ें :-

मैच के दौरान शहर में 280 सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी और हर गतिविधि पर नजर रहेगी। रविवार सुबह से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। धर्मशाला में खेले जाने वाले इस मुकाबले को लेकर होटल भी पूरी तरह पैक हो चुके हैं।

पैराग्लाइडिंग पर रहेगी रोक

आईपीएल मैचों के मद्देनजर धर्मशाला क्षेत्र को 12 सेक्टरों में बांटा गया है। इनमें 8 ट्रैफिक सेक्टर और 4 सुरक्षा सेक्टर शामिल हैं। इस बार मैच देखने के लिए 20 से 25 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा कारणों से मैच के दिन पैराग्लाइडिंग गतिविधियों पर भी रोक रहेगी।

मटौर से चैतड़ू तक वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था

ट्रैफिक व्यवस्था के तहत मटौर से चैतड़ू-धर्मशाला मार्ग वन-वे रहेगा। वहीं धर्मशाला से लौटने वाले वाहनों के लिए शिल्ला रोड-चैतड़ू मार्ग वन-वे किया जाएगा। शीला चौक के रास्ते वाहनों को दाड़ी मेला मैदान और अचीवर्स हब स्कूल में पार्क कराया जाएगा। यहां से भी शटल बस सेवा उपलब्ध रहेगी।

अन्य पार्किंग व्यवस्थाएं

हल्के वाहनों के लिए मिनी सचिवालय धर्मशाला में पार्किंग की सुविधा रहेगी। सरकारी और विशेष वाहनों को डीआईजी कार्यालय के पीछे पार्क किया जाएगा। पुलिस मैदान धर्मशाला और सराह रोड किनारे भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीआईपी वाहनों और पिक-एंड-ड्रॉप पास धारकों के लिए साई मैदान-1 में पार्किंग रहेगी, जबकि वीआईपी-2 पास धारकों के लिए न्यू हिमुडा कॉम्प्लेक्स फुटबॉल मैदान के पास पार्किंग निर्धारित की गई है।

इन स्थानों पर सवारियां चढ़ाने-उतारने पर रोक

निर्धारित रूट की बसों को रेडक्रॉस चौक से शिक्षा बोर्ड बस स्टॉप के बीच सवारियां चढ़ाने या उतारने की अनुमति नहीं होगी। टैक्सियों को युद्ध स्मारक के पास चीलगाड़ी रोड पर ही सवारियां छोड़नी होंगी, जिसके बाद उन्हें डिपो बाजार मार्ग से वापस लौटना होगा। वहीं, ट्रेंड्स मॉल के निकास द्वार को केवल शटल बसों के लिए आरक्षित किया गया है।

आईपीएल मैच को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: एसपी

कांगड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने बताया कि आईपीएल मैच को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था में करीब 700 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। टीमों की आवाजाही के दौरान भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी।

ये भी पढ़ें :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें