Last Updated: November 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता पर जोर

November 17, 2026

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता पर जोर

National Press Day Highlights Responsible Journalism : मंडी। राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर गोहर में एसडीएम देवी राम की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पत्रकारिता में तथ्यों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखने पर जोर दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं से बचते हुए जिम्मेदार पत्रकारिता करना पहले से अधिक जरूरी हो गया है।   इस दौरान भारतीय प्रेस परिषद की ओर से सुझाए गए विषय पर चर्चा में कहा गया कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है, लेकिन यह तभी सार्थक होगी जब वह जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाए और समाज को सही दिशा दे। खबरों की होड़ में तथ्यों की प्रामाणिकता तथा निष्पक्षता से समझौता नहीं होना चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल सनसनी फैलाना नहीं, बल्कि जनसमस्याओं, विकास कार्यों और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को मंच देना है।

जिम्मेदार पत्रकारिता ही जनता का विश्वास कायम रख सकती है। डिजिटल और सोशल मीडिया के दौर में सूचनाओं का प्रसार पहले से कहीं अधिक तेज हुआ है। इसी के साथ पत्रकारों की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूरी है। अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचते हुए जनहित की आवाज बनना ही पत्रकारिता की सार्थकता है। कार्यक्रम में तहसीलदार वीना ठाकुर, नायब तहसीलदार मोहिनी नायक और फील्ड कानूनगो रेनू डोगरा ने भी अपने विचार साझा किए।

प्रेस क्लब गोहर के अध्यक्ष ख्यालीराम भारद्वाज, सुभाग सचदेवा, कपिल शर्मा, मृगेंद्र संधू, रमेश गुप्ता, सुनील शर्मा, कोषाध्यक्ष संजीव कुमार और महासचिव हरीश चौहान ने कार्यक्रम में पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें