Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, 6 लोगों की गई जान

February 11, 2026

जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, 6 लोगों की गई जान

नेशनल डेस्क: राजस्थान के दौसा जिले में जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे (एनएच-21) पर मंगलवार और बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में छह युवकों की जान चली गई। घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र के कैलाई गांव के पास हुई।

जानकारी के अनुसार, कालाखो गांव के रहने वाले छह युवक एक कार में सवार होकर शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। देर रात अचानक कार अनियंत्रित हो गई। कार पहले हाईवे के डिवाइडर से टकराई और फिर उछलकर दूसरी लेन में पहुंच गई। उसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। कार में सवार सभी युवक कालाखो गांव के निवासी थे और एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।

मृतकों की पहचान लोकेश (पुत्र गोवर्धन योगी), दिलखुश (पुत्र बनवारी लाल योगी), मनीष (पुत्र हरिमोहन योगी), अंकित (पुत्र लालराम बैरवा) और समयसिंह (पुत्र रामसिंह योगी) के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अलग-अलग अस्पतालों की मोर्चरी में रखवाया गया है। चार शव सिकंदरा अस्पताल में, एक जयपुर और एक दौसा जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कार के तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने की बात सामने आ रही है। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें