Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

राम मंदिर के उद्घाटन पर हर घर में जलायें दीप: धामी

January 10, 2024

राम मंदिर के उद्घाटन पर हर घर में जलायें दीप: धामी

रूद्रपुर/नैनीताल: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड का ऊधमसिंह नगर जिला विभिन्न संस्कृतियों का संगम है। यहां भिन्न भिन्न संस्कृतियों के लोग रहते हैं। इसीलिये इसे मिनी भारत के रूप में भी जाना जाता है।

उन्होंने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के मौके पर लोगों से घरों में दीप जलाने और मंदिरों में राम गुणगान करने को कहा।मुख्यमंत्री ने यह बात रूद्रपुर में नारी शक्ति वदंन महोत्सव के दौरान कही। उन्होंने कहा कि अनेकता में एकता और विभिन्न संस्कृतियों के समागम के चलते यह जिला प्रगति एवं विकास के मार्ग पर अग्रसर है।

धामी ने कहा कि राज्य आंदोलन की तरह ही राम मंदिर आंदोलन में भी महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के मौके पर राम दीपोपर्व मनाने का आह्वान किया और मातृशक्ति को लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।

उन्होंने लोगों से कहा कि राम मंदिर की स्थापना के मौके पर 22 जनवरी को हर घर में दीप जले और मंदिरों में भगवान का भजन हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन कर रहे हैं। आज गांवों में महिलाओं को शौचालय, गैस, बिजली, पेयजल जैसी सुविधायें उपलब्ध हो रही हैं।

बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और अन्य जरूरतों पर सरकार पूरी संवेदनशीलता से काम कर रही है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलायें सशक्त बन रही हैं। उत्तराखंड में भी महिला स्वयं सहायता समूहों ने अभूतपूर्व कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने महिला समूहों की ओर से लगाये गये स्टालों का निरीक्षण भी किया। पशुपालन विभाग के स्टाल पर गिर प्रजाति की गौ माता का पूजन, राज्य आजीविका मिशन के स्टाल पर चरखा कताई और तुलसी माला स्टॉल पर मिट्टी के वर्तन बनाने की कला पर हाथ आजमाया।

अंत में धामी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से संवाद भी किया। महोत्सव को केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट और प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने भी संबोधित किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें