नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा से रिटायर हो रहे सांसदों को विदाई देते हुए कहा कि राजनीति और सार्वजनिक जीवन में काम करने वाले लोग कभी थकते नहीं हैं और न ही सच में रिटायर होते हैं। बजट सत्र के दौरान राज्यसभा में बोलते हुए उन्होंने कहा कि देश की सेवा करने का जुनून ही नेताओं को लगातार सक्रिय रखता है। खड़गे ने पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मोहब्बत हमारे साथ की, लेकिन शादी मोदी साहब के साथ कर ली।
यह भी पढ़ें- Himachal: शिमला में चैत्र नवरात्र 2026 की तैयारियां शुरू, सजने लगे मां के दरबार
अपने भाषण के दौरान खड़गे ने पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा के साथ अपने लंबे संबंध का जिक्र किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वे देवगौड़ा को 50 साल से ज्यादा समय से जानते हैं और उनके साथ काम भी किया है, लेकिन बाद में उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में तंज कसते हुए कहा, “उन्होंने मोहब्बत हमारे साथ की, लेकिन शादी मोदी साहब के साथ कर ली।” यह टिप्पणी सदन में हंसी-मजाक के माहौल में की गई थी।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रिटायर हो रहे सांसदों को विदाई दी थी। उन्होंने कहा कि राजनीति में कभी “फुल स्टॉप” नहीं होता और नेताओं का अनुभव देश के लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहता है। पीएम मोदी ने नए सांसदों से अपील की कि वे अनुभवी नेताओं जैसे मल्लिकार्जुन खड़गे, एच.डी. देवगौड़ा और शरद पवार से सीखें, जिन्होंने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा संसद में काम करते हुए बिताया है। उन्होंने रामदास अठावले की भी तारीफ की और कहा कि वे अपने हास्य और व्यंग्य से हमेशा माहौल हल्का रखते हैं।
यह भी पढ़ें- BREAKING : बड़ा हादसा, नेपाल के खेतांग में हैलीकाप्टर क्रैश
इस बार कुल 37 सांसद राज्यसभा से रिटायर हो रहे हैं। इनमें प्रियंका चतुर्वेदी, तिरुचि शिवा, अमरेंद्र धारी सिंह और अभिषेक मनु सिंघवी भी शामिल हैं। हाल ही में 10 राज्यों में 37 सीटों के लिए राज्यसभा चुनाव हुए, जिनमें 26 उम्मीदवार बिना किसी विरोध के चुने गए। बिहार में कुछ विधायकों की गैरहाजिरी के कारण एनडीए को सभी 5 सीटें जीतने में फायदा मिला। कुल मिलाकर, राज्यसभा में विदाई के इस मौके पर गंभीर चर्चा के साथ-साथ हल्का-फुल्का माहौल भी देखने को मिला।