नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फतेहपुर जिले के खागा से यात्रियों को लेकर पंजाब के लुधियाना जा रही एक डबल डेकर स्लीपर बस का टायर अचानक फट गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें कई यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह हादसा मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सराय पिपरिया के पास रात करीब 11:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, बस गंगा एक्सप्रेसवे के 202 किलोमीटर प्वाइंट से गुजर रही थी। उसी दौरान तेज धमाके के साथ बस का टायर फट गया। उस समय अधिकतर यात्री सो रहे थे, इसलिए किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
ये भी पढ़ें: काठमांडू एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, लैंडिंग के दौरान विमान में लगी आग, सवार थे 278 यात्री
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टायर फटते ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर कई बार पलटती चली गई। इसके बाद बस दूसरी तरफ प्रयागराज जाने वाली लेन तक पहुंच गई। राहत की बात यह रही कि बस एक्सप्रेसवे से नीचे नहीं गिरी, वरना हादसा और भी ज्यादा गंभीर हो सकता था।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। खबर मिलते ही मूसाझाग, दातागंज और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने भी राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कई एंबुलेंस बुलाकर घायलों को जिला अस्पताल और आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है।
इस हादसे में फतेहपुर जिले के रहने वाले 28 वर्षीय अनुज की मौत हो गई। वहीं कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में पंजाब निवासी संपत, बुद्धा यादव, गुनगुन और साहिल के अलावा फतेहपुर के खागा निवासी अर्जुन कुमार शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अर्जुन कुमार और खागा निवासी मेहर के दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: मेष राशि वालों को धन लाभ, तो धनु राशि वालों को नाकामयाबी का भय, जानें अन्य राशियों का हाल
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। दातागंज इंस्पेक्टर वेदपाल सिंह ने बताया कि सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और मामले की जांच की जा रही है।