Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

Haryana News : शराब ठेकेदार की हत्या, पिता को फोन पर बताया- आलोक ने मारी गोली

April 11, 2026

Haryana News : शराब ठेकेदार की हत्या, पिता को फोन पर बताया- आलोक ने मारी गोली

रोहतक। सोनीपत रोड पर बसे गांव भालौठ में रात साढ़े 12 बजे रंजिश के चलते शराब ठेकेदार विकास उर्फ नारद की गोली मारकर हत्या कर दी। उसे गांव के ही आलोक और उसके चार साथियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाकर मारा।

दोस्त के फोन से किया था पिता को फोन

विकास के पिता भालौठ गांव के रहने वाले रमेश ने बताया कि वह घर पर वीरवार रात सोए थे। बेटे विकास उर्फ नारद के दोस्त सूरज दहकोरिया का फोन आया। बोला-स्टेडियम के नजदीक कार में विकास को गोलियां मार दी हैं। उन्हें पीजीआई लेकर जा रहे हैं। सूरज ने विकास की फोन पर बात कराई, बेटा बोला-पापा मुझे गांव के ही आलोक ने गोली मार दी है। उसके साथ तीन-चार युवक और भी थे।

दोपहर तक वेंटिलेटर पर रहा विकास

उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 112 पर पुलिस को कॉल की। इसके बाद वह पीजीआई पहुंचे जहां पता चला कि विकास को उसके साथी खेड़ी साध के नजदीक निजी अस्पताल ले गए हैं। बेटा अस्पताल में शुक्रवार दोपहर दो बजे तक वेंटिलेटर पर रहा। इसके बाद विकास ने दम तोड़ दिया।

नजदीक से मारी गई थीं गोलियां

बताया जा रहा है कि तीन-चार दिन से विकास व आलोक के बीच फोन पर कहासुनी चल रही थी। रात को करीब सवा 12 बजे दोनों की बात हुई थी। इसके बाद विकास साथियों के साथ स्टेडियम के नजदीक कार लेकर खड़ा था। वहां पर आलोक भी साथियों के साथ आ गया। विकास कार में बैठा था। आलोक बातचीत करने लगा। इसी बीच आलोक व उसके साथियों ने विकास पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इसमें से सात गोलियां उन्हें लगीं।

पुलिस को नौ खोल हुए बरामद

मौके पर पुलिस को नौ खोल बरामद हुए हैं। पुलिस ने हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित की हैं। भालौठ गांव में मई 2025 में शराब ठेके के बाहर रात को फायरिंग हुई थी। आरोप था कि विकास उर्फ नारद ने साथियों के साथ बंद पड़े ठेके पर फायरिंग कर सोशल मीडिया पर वीडियो डाला था। रुड़की गांव के शराब ठेकेदार रोहित ने एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप था कि उन्होंने भालौठ में ठेका लिया था जिसकी वैधता 11 जून 2025 तक रही थी।

इकलौता बेटा था विकास, बहन की हो चुकी शादी

विकास माता-पिता का इकलौता बेटा था जो अविवाहित था। बहन की शादी हो चुकी है। अब परिवार में पिता रमेश के अलावा मां व दादी हैं। विकास ने शराब ठेका ले रखा था। खुद भी ठेके पर काम करता था। एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया जांच अधिकारी एसआई अंकित मलिक के साथ मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से पुलिस ने कारतूस के नौ खोल बरामद किए। थोड़ी दूरी पर खड़ी कार की ड्राइविंग सीट पर काफी खून बहा हुआ था। अंदर ही बीयर की खाली केन, रायता डालने के लिए खाली प्लास्टिक का डिब्बा, दो चम्मच, चने का एक पैकेट, एक गिलास डिस्पोजल, माचिस और सिगरेट की एक-एक डिब्बी पड़ी मिलीं। विकास साथियों संग ठेके पर आया और फायरिंग कर चला गया था। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर कहा था कि प्रशासन से बड़ा कोई बदमाश नहीं होता। विकास पर शराब ठेके पर फायरिंग व जानलेवा हमले के दो मामले दर्ज हैं। बाद में पुलिस ने विकास को हरिद्वार से गिरफ्तार किया था। वह 17 फरवरी को जमानत पर आया था।

पुलिस की तीन टीमें गठित

सांपला के डीएसपी राकेश मलिक ने बताया कि भालौठ गांव में हुई विकास उर्फ नारद की हत्या के आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित की हैं। गांव के ही युवक आलोक पर हत्या का आरोप है जिसकी तलाश के लिए दबिश दे रहे हैं। आरोपी विकास का भी आपराधिक रिकाॅर्ड रहा है।

Also Read : संत रामपाल रिहा, जानें इंजीनियर से कैसे बना संत

Also Read : चंडीगढ़ ब्लास्ट पर बोले बिट्टा : नाम अलग, साजिश एक

Also Read : पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अनुज प्रथम

Also Read : खुशियों, मेहनत और आस्था का पर्व है बैसाखी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें