नेशनल डेस्क: दिल्ली और आसपास का NCR इलाका इन दिनों जहरीली हवा से जूझ रहा है। दिवाली के बाद से राजधानी की हवा में इतना प्रदूषण घुल गया है कि हालात ‘गैस चैंबर’ जैसे बन गए हैं। रविवार सुबह आसमान में धुंध और कोहरे की मोटी परत छाई रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, 2 नवंबर सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 377 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
दिल्ली में हवा का हाल
राजधानी के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ स्तर पर पहुंच गई है। एम्स क्षेत्र में AQI 421, वजीरपुर में 432 और चांदनी चौक में 414 है। ये तीनों इलाके ‘गंभीर’ श्रेणी में हैं। वहीं आनंद विहार में AQI 392 और अलीपुर में 381 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। बुराड़ी (412) और द्वारका (407) में भी स्थिति गंभीर है। आईजीआई एयरपोर्ट (364) और आईटीओ (312) में ‘बहुत खराब’ हवा दर्ज की गई। नरेला (388) की हवा भी बेहद खराब रही।
ये भी पढ़ें: Today’s Weather: उत्तर भारत में शीतलहर की आहट, कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
एनसीआर शहरों में भी बुरा हाल
दिल्ली से सटे एनसीआर के शहर भी प्रदूषण की गिरफ्त में हैं…
नोएडा: AQI 292 (खराब)
गाजियाबाद: AQI 298 (खराब)
गुरुग्राम: AQI 276 (खराब)
शनिवार को स्विस प्लेटफॉर्म IQAir की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर रहा। शाम 7 बजे से रात 10 बजे के बीच राजधानी का AQI 491 तक पहुंच गया, जो ‘गंभीर’ से भी ऊपर का स्तर है।
स्मॉग से घट गई दृश्यता
लगातार बढ़ते प्रदूषण और स्मॉग के कारण दिल्ली में दृश्यता भी काफी घट गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार रात को सफदरजंग एयरपोर्ट पर दृश्यता 900 मीटर और IGI एयरपोर्ट पर 1300 मीटर तक रह गई। हवा की रफ्तार भी बहुत धीमी रही, जो सिर्फ 4 किमी प्रति घंटे से कम, जिससे प्रदूषक हवा में ही फंसे रह गए। कई बार हवा पूरी तरह शांत हो गई, जिससे हालात और बिगड़ गए।
दिल्ली के प्रमुख इलाकों का AQI
स्थान AQI श्रेणी
एम्स 421 गंभीर
वजीरपुर 432 गंभीर
चांदनी चौक 414 गंभीर
आनंद विहार 392 बहुत खराब
अलीपुर 381 बहुत खराब
बुराड़ी 412 गंभीर
द्वारका 407 गंभीर
IGI एयरपोर्ट 364 बहुत खराब
आईटीओ 312 बहुत खराब
नरेला 388 बहुत खराब
गुरुग्राम 276 खराब
गाजियाबाद 298 खराब
नोएडा 292 खराब
विशेषज्ञों की चेतावनी
पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि कम हवा की गति और दिवाली के बाद बढ़ी धूल-धुएं की मात्रा के कारण हालात और खराब हुए हैं। आने वाले कुछ दिन में अगर बारिश या तेज हवाएं नहीं चलीं, तो प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है।
ये भी पढ़ें: Gold & Silver Price: सोने और चांदी के दाम इतनी तेजी से क्यों गिरे? कारण जान हैरान रह जाएंगे आप!