Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

अकाली नेता के PA की हत्या मामले में पुलिस को मिली कामयाबी, मुख्य आरोपी जम्मू से गिरफ्तार

July 14, 2025

अकाली नेता के PA की हत्या मामले में पुलिस को मिली कामयाबी, मुख्य आरोपी जम्मू से गिरफ्तार

लुधियाना: शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद जगदेव सिंह तलवंडी के निजी सहायक कुलदीप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी गुरबचन सिंह को जम्मू से गिरफ्तार कर लिया गया है। जम्मू पुलिस और लुधियाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह गिरफ्तारी संभव हो सकी। अब आरोपी को लुधियाना लाकर आगे की पूछताछ की जा रही है।

हत्या का वीभत्स मंजर वायरल वीडियो में कैद

घटना 26 जून की रात की है, जब कुलदीप सिंह अपने फार्महाउस से वोक्सवैगन कार में निकले थे। तभी स्विफ्ट कार में सवार कुछ बदमाशों ने उनका पीछा किया और धांधरा रोड स्थित मिसिंग लिंक-2 हाईवे पर घेर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में साफ देखा गया कि कुलदीप को बीच सड़क पर घसीटकर तलवारों से हमला किया गया। इस दौरान कुलदीप सिंह मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन राह चलते लोग मूकदर्शक बने रहे।

पुरानी रंजिश बन सकती है वजह

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। आरोपी गुरबचन सिंह के खिलाफ लुधियाना के थाना सदर में पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। इस मामले की जांच अब तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

लुधियाना पुलिस आज करेगी खुलासा

इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर लुधियाना जिला पुलिस की ओर से आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी, जिसमें हत्या के पीछे के कारणों, अन्य शामिल आरोपियों और अब तक की जांच का विवरण साझा किया जाएगा। थाना सदर की एसएचओ अवनीत कौर ने बताया कि आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत लुधियाना लाकर रिमांड पर लिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें