Last Updated: October 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

तेज रफ्तार कार की टक्कर से गिरे बाइक सवारों से टकराकर स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत

July 26, 2025

तेज रफ्तार कार की टक्कर से गिरे बाइक सवारों से टकराकर स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत

जगराओं: लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे एनएच-95 पर स्थित सैक्रेट हार्ट कॉन्वैंट स्कूल के पास शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार ने जगराओं से लुधियाना की ओर जा रही एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक पर सवार दलीप कुमार निवासी दुगरी, लुधियाना और हनी सिंह निवासी साउथ सिटी, लुधियाना टक्कर लगते ही सड़क किनारे जा गिरे। इसी दौरान सामने से आ रहे स्कूटी सवार बुजुर्ग से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार बुजुर्ग सिर के बल सड़क पर गिर पड़े। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। उन्हें मौके पर पहुंचे एक राहगीर द्वारा एंबुलैंस से सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक बुजुर्ग की पहचान जगतार सिंह निवासी गांव हांस कलां, जगराओं के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल दोनों बाइक सवारों का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बस स्टैंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। चौकी इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार युवक तेज रफ्तार से लुधियाना की ओर जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह पूरा हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा कार चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

ये भी पढ़े- बंगाल सहित इन राज्यों में कब होंगे चुनाव? ECI आज करेगा तारीखों का ऐलान

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें