Last Updated: November 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

IIM बंगलौर के एलुमिनाई डॉ. एस. के. मिश्रा ने SBSSU गुरदासपुर के कुलपति का पदभार संभाला

May 26, 2025

IIM बंगलौर के एलुमिनाई डॉ. एस. के. मिश्रा ने SBSSU गुरदासपुर के कुलपति का पदभार संभाला

गुरदासपुर/जालंधर/कपूरथला। इंडियन इंस्टिट्यूट आफ मैनेजमेंट (आई.आई.एम) के एलुमिनी डॉ. एस. के. मिश्रा ने सोमवार को सरदार बेअंत सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी (एस.बी.एस.एस.यू), गुरदासपुर के कुलपति का पदभार आधिकारिक रूप से संभाल लिया है। इस नियुक्ति से पहले डॉ. मिश्रा आई.के. गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी (आईकेजी पीटीयू), कपूरथला में बतौर रजिस्ट्रार तैनात थे! उनकी नियुक्ति हाल ही में पंजाब सरकार द्वारा चयनित पैनल के आधार पर माननीय गवर्नर पंजाब की तरफ से की गई है!

नया पदभार संभालते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा कि इस प्रतिष्ठित जिम्मेदारी को सौंपने के लिए पंजाब के राज्यपाल माननीय गुलाब चंद कटारिया, पंजाब सरकार, विशेष रूप से माननीय मुख्यमंत्री भगवंत मान एवं माननीय मंत्री हरजोत सिंह बैंस का हार्दिक आभार व्यक्त किया। यूनिवर्सिटी के लिए अपने दृष्टिकोण को साझा करते हुए डॉ. मिश्रा ने एस.बी.एस.एस.यू को पंजाब में उच्च शिक्षा के एक आदर्श संस्थान में बदलने पर जोर दिया, ताकि इसे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर प्रमुखता से स्थान मिल सके। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों, डीन एवं विभागीय प्रभारियों को छात्रों की रोजगार क्षमता बढ़ाने के लिए अनुसंधान, नवाचार और स्टार्टअप पहलों को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

डॉ. मिश्रा ने कागज रहित संचालन (पेपर लेस यूनिवर्सिटी प्रबंधन) को बढ़ावा देने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी आधारित कार्य वातावरण के महत्व पर प्रकाश डाला, जिससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी। उन्होंने यूनिवर्सिटी के नियमों और विनियमों के अनुसार सख्ती से संचालन करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने संकाय सदस्यों से राज्य और केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित अनुसंधान परियोजनाओं एवं परामर्श अवसरों को आगे बढ़ाने का भी आग्रह किया।

इंजीनियरिंग की कोर पढ़ाई के साथ-साथ डॉ. मिश्रा ने फार्मेसी, कानून एवं अन्य उभरते क्षेत्रों/विषयों में नए अकादमिक कार्यक्रम शुरू करने की इच्छा व्यक्त की। नए कुलपति द्वारा निर्धारित प्रमुख लक्ष्यों में से एक आने वाले वर्षों में छात्र संख्या को मौजूदा 3,000 से बढ़ाकर 10,000 करना है। उन्होंने डीन अकादमिक को यूजीसी 12(बी) का दर्जा एवं एनबीए मान्यता हासिल करने की दिशा में सक्रिय कदम उठाने का भी निर्देश दिया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यूनिवर्सिटी उच्च शैक्षणिक एवं संस्थागत मानकों को पूरा करता है। डॉ. मिश्रा के गतिशील नेतृत्व एवं प्रगतिशील दृष्टिकोण से एस.बी.एस.एस.यू में शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं संस्थागत विकास के एक नए युग की शुरुआत होने का विश्वास जताया!

ये भी पढ़ें- कमजोर हुआ नक्सलवाद, 10 साल में 10 हजार से ज्यादा माओवादियों ने टेके घुटने

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें