Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

देश भर में जल्द ही 1000 खेलो इंडिया सेंटर खोले जायेंगे: Anurag Thakur

October 10, 2023

देश भर में जल्द ही 1000 खेलो इंडिया सेंटर खोले जायेंगे: Anurag Thakur

शिमला : केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए तथा खिलाड़ियों को जिला स्तर तक बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए देश भर में जल्द ही 1000 खेलो इंडिया सेंटर खोले जाएंगे। सरकार हर जिला में खेलो इंडिया सेंटर खोलने जा रही है।

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के अणु में स्थापित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की चर्चा करते हुए ठाकुर ने कहा कि यह सेंटर देश के चुनिंदा सेंटरों में से एक है और अभी यहां प्रशिक्षकों तथा अन्य स्टाफ के पद भरे जा रहे हैं। इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के अत्याधुनिक भवन के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जा रहा है और इस भवन की आधारशिला भी जल्द ही रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर एस्ट्रोटर्फ मैदानों के लिए भी धनराशि का प्रावधान किया गया है।

ठाकुर ने इससे पहले अणु के खेल परिसर में भृगु कबड्डी लीग का समापन और गौतम गर्ल्स कालेज हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय पुरुष कबड्डी चौंपियनशिप का शुभारंभ किया। अंतर महाविद्यालय कबड्डी चौंपियनशिप में लगभग 61 टीमें भाग ले रही हैं। ठाकुर ने उम्मीद जताई कि इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि चीन में चल रही एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने एक नया इतिहास रचते हुए पदकों की सेंचुरी पूरी की है। यह अपने आपमें एक रिकॉर्ड है। इससे पहले टोक्यो ओलंपिक, कॉमनवेल्थ खेलों, थॉमस कप और कई अन्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।

उन्होंने बताया कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए तथा खिलाड़ियों को जिला स्तर तक बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए देश भर में जल्द ही 1000 खेलो इंडिया सेंटर खोले जाएंगे। सरकार हर जिला में खेलो इंडिया सेंटर खोलने जा रही है। उन्होंने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश के हर जिला में कम से कम एक इंडोर स्टेडियम और एक खेलो इंडिया सेंटर खोलने के लिए प्रयासरत हैं। किन्हीं कारणों से रोजगार से महरूम भूतपूर्व खिलाड़ियों को इन सेंटरों में कोचिंग शुरू करने के लिए 5-5 लाख रुपये का प्रावधान भी किया जाएगा। इससे जहां नवोदित खिलाड़ियों को कोचिंग सुविधा मिलेगी, वहीं भूतपूर्व खिलाड़ियों को रोजगार भी मिलेगा। इस अवसर पर गौतम कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. रजनीश गौतम ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया तथा अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। कालेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें