
कोलंबो : न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी-20 वल्र्ड कप 2026 का पहला सुपर-8 मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया। शनिवार को इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी, लेकिन बारिश के चलते एक भी गेंद नहीं फैंकी जा सकी। इस मैच के रद्द होने के बाद दोनों टीमों के बीच 1-1 अंक बांटे गए हैं। अब पाकिस्तानी टीम इंगलैंड के खिलाफ 24 फरवरी को मुकाबले में उतरेगी, जिसके बाद पाकिस्तान का सामना 28 फरवरी को श्रीलंका से होगा।
न्यूजीलैंड की टीम 25 फरवरी को श्रीलंका से भिड़ेगी, जिसके बाद 27 फरवरी को कीवी टीम का सामना इंगलैंड से होगा। ग्रुप-ए में पाकिस्तान की टीम 4 में से 3 मैच जीतकर दूसरे पायदान पर रही थी। पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में नीदरलैंड को 3 विकेट से हराया था, जिसके बाद यूएसए के खिलाफ 32 रन से जीत हासिल की। दूसरी ओर न्यूजीलैंड की टीम 4 में से 3 मैच जीतकर ग्रुप-डी की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर रही।
इस टीम ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी, जिसके बाद यूएई को 10 विकेट से रौंदा। इसके बाद साऊथ अफ्रीका ने कीवी टीम को 7 विकेट से मात दी। हालांकि, कनाडा को 8 विकेट से हराकर न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी की।