Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘खेडां वतन पंजाब दियां’ सीजन-2: टोक्यो ओलम्पिक्स के पदक विजेता हॉकी खिलाड़ियों को नौकरियाँ देने का ऐलान

August 30, 2023

‘खेडां वतन पंजाब दियां’ सीजन-2: टोक्यो ओलम्पिक्स के पदक विजेता हॉकी खिलाड़ियों को नौकरियाँ देने का ऐलान

बठिंडा (श्रीवास्तव ऋतेश) : शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आज देश के सबसे बड़े खेल मेले ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के दूसरे सीजन की शानदार शुरुआत की गई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज यहाँ इस बड़े खेल समागम का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने अलग-अलग जिलों से भाग लेने वाले खिलाडिय़ों के मार्च पास्ट से सलामी ली। लगभग दो महीनों के लम्बे समय से प्रतीक्षा किए जा रहे इस शानदार खेल मेले का उद्घाटन करते हुए सीएम मान ने आशा अभिव्यक्त की कि यह खेल मेला राज्य के खेल के क्षेत्र में पुरानी शान को बहाल करने के लिए एक प्रेरक के तौर पर काम करेगा। उन्होंने कहा कि नौजवानों की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा की ओर ले जाने के लिए राज्य सरकार का यह विनम्र सा प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रसिद्ध खिलाड़ी स्टेडियम में खेल की मशाल लेकर आए। उन्होंने बताया कि यह मशाल राज्य भर के 23 जिलों से गुजरी, जहाँ बड़ी संख्या में नौजवानों और खिलाडिय़ों ने दौड़ में भाग लिया। भगवंत मान ने कहा कि मशाल को राज्य भर में भरपूर स्वीकृति मिली। उन्होंने कहा कि जिस तरह धान की बिजाई के बाद इसकी कटाई सख़्त मेहनत के साथ की जाती है, उसी तरह यह खेल नये पौधे लगाने के लिए हैं, जो आने वाले समय में भरपूर लाभ देंगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने खेलों के विकास की ओर कभी ध्यान नहीं दिया, जिस कारण पंजाब इस क्षेत्र में पिछड़ गया है। भगवंत सिंह मान ने व्यंग्य कसते हुए कहा कि चाहे पिछले वित्त मंत्री इस इलाके के ही थे परन्तु उनके खाली खजाने की बयानबाज़ी ने राज्य को बर्बाद कर दिया है, जबकि समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए अब यही पैसा इस्तेमाल किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लिए मैडल लाने वाली भारतीय हॉकी टीम को जल्द ही नौकरियाँ दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सभी अड़चनें पहले ही दूर कर दी गई हैं और अब इन नौ खिलाडिय़ों को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरियाँ दी जाएंगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह खिलाड़ी देश का सरमाया हैं और इनको देश के लिए अच्छी तरह संभाला जायेगा और उन्होंने आशा अभिव्यक्त की कि वह एशियाई खेलों में गोल्ड मैडल जितेंगे। सीएम मान ने कहा कि क्योंकि खेल गलत हाथों में चली गई थीं, इससे खेल की तरक्की पर बुरा प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि देश में कुश्ती फेडरेशन को लेकर दुर्भाग्यपूर्ण विवाद इस बात का सबूत है। भगवंत मान ने कहा कि पंजाब कभी भी ऐसे विवादों में नहीं आऐगा, क्योंकि खेलों के द्वारा रंगला पंजाब बनाना उनकी सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल आठ उम्र वर्गों में 35 मुकाबले करवाए जाएंगे और पहली बार खेल में रगबी, साईकलिंग, घुड़ सवारी, वुशू, शूटिंग एवं वॉलीबॉल को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि यह मुकाबले 14 साल उम्र वर्ग, 17 साल उम्र वर्ग, 21 साल उम्र वर्ग, 21-30 साल, 31-40 साल, 41-55 साल, 56-65 साल और 65 साल से अधिक उम्र वर्ग में करवाए जाएंगे। भगवंत सिंह मान ने बताया कि खिलाडिय़ों को 7 करोड़ रुपए के नकद इनाम दिए जाएंगे, जिसमें स्वर्ण पदक विजेता के लिए 10,000 रुपए, रजत पदक विजेता के लिए 7000 रुपए और काँस्य पदक विजेता खिलाडिय़ों को 5000 रुपए दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इन खेलों का दूसरा सीजन आज से शुरू हो रहा है और इस खेल के हिस्से के तौर पर ब्लॉक स्तरीय खेल 31 अगस्त से 9 सितम्बर तक करवाए जाएंगे। इसी तरह 26 सितम्बर से 5 अक्तूबर तक जि़ला स्तरीय मुकाबले और 10 से 25 अक्तूबर तक राज्य स्तरीय मुकाबले करवाए जाएंगे। भगवंत सिंह मान ने बताया कि खेल संस्कृति को प्रफुल्लित करने के लिए राज्य के हर जिले में राज्य स्तरीय मुकाबले करवाए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें