Site icon Dainik Savera Times

महाकुम्भ-2025 : महाकुम्भ पुलिस को गाइड करेगा ऐप, क्विक रिस्पॉन्स में होगा मददगार

PM Modi and CM Yogi

PM Modi and CM Yogi

महाकुम्भनगर। महाकुम्भ-2025 के प्रारंभ होने की घड़ी नजदीक आते ही योगी सरकार ने महाकुम्भ के महाआयोजन को लेकर अपनी समस्त तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस बार महाकुम्भ दिव्य-भव्य होने के साथ ही डिजिटल भी होने जा रहा है और इसी डिजिटल महाकुम्भ में जल्द ही एक और कड़ी जुड़ने वाली है। सीएम योगी के विजन अनुसार, महाकुम्भ में तैनात पुलिसकर्मियों की चुनौतियों को ध्यान में रखकर एक ऐसे ऐप का विकास होने जा रहा है जिसके जरिए उन्हें मेला क्षेत्र की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध होगी। इसमें रूट्स, महत्वपूर्ण स्थल और पुलिस अधिकारियों के नंबर समेत कई फीचर्स होंगे, जो पुलिसकर्मियों के लिए काफी महत्वपूर्ण होगा। इसे विशेष तौर पर क्राउड मैनेजमेंट के दृष्टिगत निर्मित कराया जा रहा है, जिसके जरिए मेला क्षेत्र में किसी भी आपात स्थिति में क्विक रिस्पॉन्स मैनेजमेंट प्रक्रिया को पूरा किया जा सके।

महाकुम्भ मेला 2025 पुलिस मोबाइल ऐप विकसित करने का उद्देश्य इस बड़े आयोजन के दौरान पुलिस बल की दक्षता, समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमताओं को बढ़ाना है। करोड़ों आगंतुकों के आने की उम्मीद के साथ, ऐप का उद्देश्य एक मजबूत डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म प्रदान करना है जो पुलिस कर्मियों के बीच निर्बाध संचार, प्रभावी घटना प्रबंधन और वास्तविक समय की जानकारी साझा करने में सक्षम बनाता है।

केंद्रीकृत समन्वय व संचार समेत विभिन्न प्रक्रियाओं की पूर्ति का बनेगा माध्यम
योजना के अनुसार, ऐप सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून और व्यवस्था बनाए रखने और आपात स्थितियों पर तेज़ी से प्रतिक्रिया करने के लिए एक महत्वपूर्ण उपकरण के रूप में काम करेगा। यह केंद्रीकृत समन्वय व संचार से लैस होगा जो चैट कार्यक्षमता व घटना रिपोर्टिंग के माध्यम से विभिन्न रैंक के अधिकारियों के बीच वास्तविक समय के संचार की सुविधा प्रदान करेगा। यह उचित अपडेट पहुंचाने के लिए प्रासंगिक जानकारी तक पहुंचाने, वास्तविक समय की स्थिति अपडेट के साथ ऐप के माध्यम से घटनाओं की आसान लॉगिंग व ट्रैकिंग की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

इन कार्यों की पूर्ति में भी ऐप होगा मददगार…

▪️ऐप की रिपोर्टिंग प्रणाली के भीतर एस्केलेशन के माध्यम से निर्णय लेने की प्रक्रिया में आएगी तेजी।

▪️महत्वपूर्ण एसओपी व दिशा-निर्देशों तक प्रत्येक पुलिसकर्मियों की डिजिटल पहुंच को सुनिश्चित करेंगी।

▪️पुलिस कर्मियों को आयोजन के दौरान लागू नवीनतम प्रोटोकॉल और योजनाओं की जानकारी देने में होगा मददगार।

▪️सभी पुलिस अधिकारियों के संपर्क विवरण तक त्वरित पहुंच प्रदान कर बेहतर अंतर-विभागीय समन्वय की सुविधा होगी सुनिश्चित।

▪️भाषिणी ऐप के साथ एकीकृत कर कई भाषाओं का समर्थन मिलेगा जिससे पुलिस कर्मियों को विविध भाषाई पृष्ठभूमि के नागरिकों के साथ प्रभावी ढंग से बातचीत करने में सक्षम बनाया जा सकेगा।

▪️नियंत्रण कक्ष, सहायता डेस्क व आपातकालीन निकास जैसे महत्वपूर्ण स्थानों के साथ मेला क्षेत्र का अद्यतित मानचित्र प्रदर्शित करने में व चयनित अधिकारियों को महत्वपूर्ण सूचनाएं भेजने में मदद मिलेगा।

▪️यह पुश नोटिफिकेशन इनेबल्ड होगा तथा इसे खोया-पाया, रिसोर्स ट्रैकिंग, रियल टाइम इंसीडेंट व ऐनालिटिक्स डैशबोर्ड, ड्यूटी रोस्टर मैनेजमेंट, सिटिजन फीडबैक सिस्टम, विजिटर मैनेजमेंट व इमर्जेंसी ब्रॉडकास्ट सिस्टम से भी लैस होगा।

मेला से पहले हर पुलिसकर्मी के मोबाइल में होगा ऐप
एसएसपी महाकुम्भ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि यह ऐप महाकुम्भ मेला क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए सहायक सिद्ध होगा। यह विशेष रूप से महाकुम्भ मेला क्षेत्र में डिप्लॉय होने वाले पुलिसकर्मियों के लिए कारगर होगा। उन्हें मेला क्षेत्र के विभिन्न सेक्टर्स, रूटमैप और विभिन्न प्रकार की जानकारियां प्राप्त हो सकेंगी। इससे उन्हें सुगमता से मेला क्षेत्र के किसी भी एरिया में मूवमेंट करने में मदद मिलेगी। यह ऐप महाकुम्भ शुरू होने के पहले कार्य करना शुरू कर देगा और हर पुलिसकर्मी के मोबाइल में इसे डाउनलोड कराया जाएगा। ऐप के विकास के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया जारी है।

ये भी पढ़ें: UK Board Result 2026: जारी हुआ 10वीं और 12वीं के नतीजे, लाखों छात्रों का इंतजार खत्म, जानें कैसे चैक करें रिजल्ट

Exit mobile version