Last Updated: November 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

दैनिक सवेरा के मुख्य संपादक Shital Vij ने CM Nayab Saini के साथ डॉक्टर्स दिवस पर चिकित्सकों को किया सम्मानित

July 2, 2025

दैनिक सवेरा के मुख्य संपादक Shital Vij ने CM Nayab Saini के साथ डॉक्टर्स दिवस पर चिकित्सकों को किया सम्मानित

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार डॉक्टरों को बेहतर संसाधन और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है। वर्ष 2014 में जहां मेडिकल कॉलेजों की संख्या मात्र 6 थी, वहीं आज यह बढ़कर 15 हो गई है और 9 नए कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसके परिणामस्वरूप एमबीबीएस की सीटें 2014 में 700 से बढ़कर अब 2,185 हो चुकी हैं। राज्य सरकार का वर्ष 2029 तक एमबीबीएस की सीटें 3400 से अधिक करने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री आज चंडीगढ़ में डेराबस्सी मेडिकल एसोसिएशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय डॉक्टर्स दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मानव सेवा की राह में डेराबस्सी मेडिकल एसोसिएशन ने उल्लेखनीय योगदान किया है। पिछले दो वषों से चौरसिया अस्पताल में मुफ्त डायलिसिस सेंटर चलाया जा रहा है। सैनी ने डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सा सेवा से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्रीय डॉक्टर्स दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री व दैनिक सवेरा टाइम्स के मुख्य संपादक शीतल विज ने मानव सेवा के लिए विभिन्न डॉक्टरों को सम्मानित किया। इसके अलावा डेराबस्सी मेडिकल एसोसिएशन की मैगजीन का भी विमोचन किया। इस अवसर पर चंडीगढ़ की मेयर हरप्रीत कौर बबला, डेराबस्सी मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजीव गुप्ता, सचिव डॉ. आकाश गोस्वामी सहित अन्य पदाधिकारी, बड़ी संख्या में डॉक्टर और कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

कार्यक्रम में दैनिक सवेरा टाइम्स के मुख्य संपादक श्री शीतल विज विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। श्री विज ने राष्ट्रीय डाक्टर्स डे के अवसर पर चिकित्सक सम्मान समारोह में कहा कि आज का दिन एक विशेष सम्मान का दिन है, एक ऐसा दिन जब हम समाज के उन नायकों को सलाम करते हैं, जिन्होंने नि:स्वार्थ भाव से जीवन रक्षण को अपना धर्म बनाया है। डॉक्टर, इस समाज के असली हीरो हैं और डाक्टर्स डे पर उनके त्याग, सेवा और समर्पण को नमन करने का सुनहरा अवसर है। मैं विशेष रूप से डेराबस्सी मेडिकल एसोसिएशन को बधाई देना चाहता हूं।

जिन्होंने न केवल चिकित्सा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किए हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में भी अग्रणी भूमिका निभाई है। इस अवसर पर मैं दैनिक सवेरा टाइम्स की ओर से भी आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ। दैनिक सवेरा टाइम्स पंजाब की धरती से निकला एक भरोसेमंद हिन्दी दैनिक समाचार पत्र है, जो आज पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली-एनसीआर में अपनी स्पष्ट और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए जाना जाता है। हमारा मानना है कि जैसे डॉक्टर जीवन की रक्षा करते हैं, वैसे ही सच्ची पत्रकारिता लोकतंत्र की रक्षा करती है और हम गर्व के साथ कहते हैं कि दोनों ही पेशे सेवा, जि़म्मेदारी और जनकल्याण से जुड़े हैं। डॉक्टरों के इस समर्पण को शब्दों में समेटना मुश्किल है, लेकिन हम दैनिक सवेरा टाइम्स के माध्यम से इस सेवा भावना को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लेते हैं।

ये भी पढ़ें : 12 करोड़ की नई Ferrari में गर्लफ्रेंड को घूमाते नजर आए Hardik Pandya, जानें गाड़ी की खासियत

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें