हरियाणा डेस्क: हरियाणा रोडवेज के ड्राइवरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आज लंबी दूरी की बसों का संचालन रोक दिया और अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। इस फैसले के चलते कई रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित हुईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ड्राइवरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
ड्राइवरों का आरोप है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। साथ ही उनके भत्तों का भुगतान भी लंबे समय से रुका हुआ है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। वेतन में देरी के कारण उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
रोडवेज डिपो प्रधान शिव कुमार ने बताया कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि करीब 10 साल पहले नियुक्त किए गए कई कर्मचारियों को आज तक स्थायी नहीं किया गया, जबकि बाद में भर्ती हुए कुछ कर्मचारियों को पक्का कर दिया गया है। इसे लेकर कर्मचारियों में नाराजगी है। इसके अलावा वेतन में असमानता का मुद्दा भी प्रमुख है।
ड्राइवरों का कहना है कि अन्य जिलों में काम कर रहे कर्मचारियों को अधिक वेतन और सुविधाएं मिल रही हैं, जबकि गुरुग्राम में तैनात कर्मचारियों को समान लाभ नहीं दिए जा रहे। इससे कर्मचारियों में भेदभाव की भावना पैदा हो रही है।
शिव कुमार ने यह भी बताया कि वे कई बार महाप्रबंधक से मिल चुके हैं। हर बार उन्हें आश्वासन दिया गया कि समस्याओं का जल्द समाधान होगा, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी कारण मजबूर होकर कर्मचारियों ने धरना शुरू किया है।
ड्राइवरों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी सभी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। वहीं, प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।