Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

HPU के चतुर्थ श्रेणी पेंशनर्स के भुगतान में देरी पर भड़की पेंशनर संघर्ष समिति

October 1, 2026

HPU के चतुर्थ श्रेणी पेंशनर्स के भुगतान में देरी पर भड़की पेंशनर संघर्ष समिति

शिमला: हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के चतुर्थ श्रेणी से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित पेंशन संबंधी भुगतानों को अब तक जारी न किए जाने पर गहरी चिंता जताई है। समिति ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में पेंशनर्स के लंबित भुगतान नहीं किए गए तो आंदोलन तेज किया जाएगा और विश्वविद्यालय प्रशासन का घेराव किया जा सकता है।

समिति के प्रदेश अतिरिक्त महासचिव भूपराम वर्मा ने जारी प्रेस बयान में कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से चतुर्थ श्रेणी के पेंशनर्स के लंबित भुगतानों की अदायगी को लेकर कई महीने पहले अधिसूचना जारी की जा चुकी है। इसके बावजूद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक इस अधिसूचना को लागू नहीं किया गया है। इसके कारण विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उनके जायज वित्तीय लाभों का भुगतान नहीं हो पाया है।

भूपराम वर्मा ने कहा कि लंबे समय से भुगतान का इंतजार कर रहे पेंशनर्स में विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी पूरी सेवा के दौरान संस्थान के लिए काम किया है और उन्हें उनके देय लाभों के लिए बार-बार संघर्ष करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को 15 दिनों का समय देते हुए कहा कि इस अवधि में यदि पेंशनर्स के लंबित भुगतानों की अदायगी नहीं की गई तो समिति सख्त आंदोलनात्मक रणनीति तैयार करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति विश्वविद्यालय पेंशनर्स संगठन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और पेंशनर्स के अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें