Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

विपक्ष ने लंबे समय तक सत्ता से बाहर रखने का लिया संकल्प : PM Modi

February 5, 2024

विपक्ष ने लंबे समय तक सत्ता से बाहर रखने का लिया संकल्प : PM Modi

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए सोमवार को लोकसभा में कहा कि विपक्ष ने लंबे समय तक सत्ता से बाहर रहने का संकल्प लिया है। उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा कि आज विपक्ष की जो हालत है उसकी सबसे ज्यादा दोषी कांग्रेस है। प्रधानमंत्री का कहना था कि कांग्रेस विपक्षी दल के रूप में अपना दायित्व निभाने में विफल रही तथा दूसरे विपक्षी दलों को उभरने का मौका नहीं दिया।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, कि ‘विपक्ष ने जो संकल्प लिया है, उसकी सराहना करता हूं, उनके भाषण से यह संकल्प पक्का हो गया है कि उन्हें लंबे समय तक वहीं रहना है।’’ मोदी ने कहा, कि ‘आप (विपक्ष) में से बहुत लोग चुनाव लड़ने का हौसला खो चुके हैं, कुछ ने पिछली बार सीट बदली थी और इस बार भी बदलने के प्रयास में हैं।’’ उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘(मल्लिकार्जुन) खड़गे जी एक सदन से दूसरे सदन में चले गए, गुलाम नबी आजाद पार्टी से ही शिफ्ट कर गए..एक ही प्रोडक्ट लॉन्च करने के प्रयास में ‘कांग्रेस की दुकान’ को ताला लगने की नौबत आ गई है।’’

प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि उनके तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उनका कहना था कि कांग्रेस इस तरह से ‘कैंसल कल्चर’ में फंस गई है कि वह देश की सफलताओं को ही ‘कैंसल’ कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें