Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

दक्षिण अफ्रीका ने अंडर-19 वर्ल्ड कप स्क्वाड में किया नया खिलाड़ी शमिल

January 27, 2024

दक्षिण अफ्रीका ने अंडर-19 वर्ल्ड कप स्क्वाड में किया नया खिलाड़ी शमिल

अपनी सरजमीं पर अंडर-19 वर्ल्ड कप के 15वें संस्करण में खेल रहे दक्षिण अफ्रीका को बीच टूर्नामेंट में अपने स्क्वाड में मजबूरीवश बदलाव करना पड़ा है। दक्षिण अफ़्रीकी टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज मार्टिन खुमालो शेष टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। खुमालो को अपनी टीम के पहले ही मैच में हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई थी और अब वह टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह रिप्लेसमेंट के रूप में दक्षिण अफ्रीका ने रईक डेनियल्स का चयन किया है, जो एक तेज गेंदबाज हैं।

19 जनवरी को टूर्नामेंट की शुरुआत वाले दिन दक्षिण अफ्रीका का सामना वेस्टइंडीज़ से हुआ था। उस मुकाबले में वेस्टइंडीज की पारी के दौरान मार्टिन खुमालो सिर्फ 13 गेंदें ही डाल पाए थे और उन्हें ग्रेड दो की हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा था। हालाँकि, उनकी गैरमौजूदगी का नुकसान प्रोटियाज को नहीं हुआ और क्वेन मफाका ने 38 रन देकर पांच विकेट लेते हुए अपनी टीम को 31 रनों से जीत दिला दी थी।

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप इवेंट की टेक्निकल समिति ने दक्षिण अफ्रीका के स्क्वाड में मार्टिन खुमालो की जगह रईक डेनियल्स को शामिल करने की अनुमति दे दी है। आपको बता दें कि यह समिति टूर्नामेंट के दौरान टीम में बदलाव को मंजूरी देने का अधिकार रखती है। इस वर्ल्ड कप के लिए समिति में वसीम खान (आईसीसी महाप्रबंधक – क्रिकेट और ईटीसी के अध्यक्ष), वेनेले म्न्गोमेज़ुलु, सारा एडगर और सैमुअल बद्री शामिल हैं। ग्रुप बी में शामिल दक्षिण अफ्रीका ने टूर्नामेंट में अभी तक दो मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसे एक में जीत और एक में DLS के तहत हार का सामना करना पड़ा था। टीम को अपना आखिरी ग्रुप मैच 27 जनवरी को स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलना है, जिसमें उसका इरादा अच्छे अंतर से जीत के साथ अगले दौर में जाने का होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें